विजय उरांव, जोहार लाइव संवाददाता
15 नवंबर 2000 को बिहार से अलग होकर झारखंड अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया. राज्य गठन के 26 वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे, अर्थव्यवस्था और खेल-सिनेमा के बाद अब बात झारखंड की आदिवासी पहचान, सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहर और पर्यटन की. झारखंड की पहचान केवल खनिज संपदा और औद्योगिक क्षेत्रों तक सीमित नहीं है. यहां की आदिवासी संस्कृति, पारंपरिक कला, प्राचीन मंदिर, किले, मेगालिथिक स्थल, जंगल, पहाड़ और जलप्रपात भी राज्य की विशिष्ट पहचान हैं.
पिछले 26 वर्षों में इन पहचानों को संरक्षण देने, आदिवासी स्वशासन व आजीविका को मजबूत करने तथा पर्यटन के माध्यम से राज्य की सांस्कृतिक और प्राकृतिक संपदा को सामने लाने के प्रयास हुए हैं. जनवरी 2026 में PESA नियमों की अधिसूचना, वर्ष 2024 में घरेलू पर्यटकों की संख्या 540.41 लाख तक पहुंचना और उधवा झील को रामसर स्थल का दर्जा मिलना इस सफर के महत्वपूर्ण पड़ाव हैं. आदिवासी पहचान, विरासत और पर्यटन के क्षेत्र में झारखंड की 26 प्रमुख उपलब्धियां इस प्रकार हैं.
आदिवासी पहचान, स्वशासन और सांस्कृतिक विरासत
झारखंड की पहचान उसकी खनिज संपदा और प्राकृतिक संसाधनों के साथ-साथ यहां के आदिवासी समाज, उसकी संस्कृति, संघर्ष और ऐतिहासिक विरासत से भी जुड़ी है. जनगणना 2011 के अनुसार राज्य की आबादी में अनुसूचित जनजातियों की हिस्सेदारी 26.2 प्रतिशत (86.45 लाख) है, जिसका 97 प्रतिशत हिस्सा ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करता है.
राज्य गठन के 26 वर्षों में आदिवासी समाज ने राजनीति, स्वशासन, साहित्य, शिक्षा, कला और पर्यावरण संरक्षण में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है.
1. आदिवासी राजनीतिक नेतृत्व, अलग राज्य आंदोलन और PESA नियमों की अधिसूचना
झारखंड गठन के बाद राज्य के मुख्यमंत्री पद पर आदिवासी समाज से आने वाले बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, शिबू सोरेन, मधु कोड़ा, हेमंत सोरेन और चंपाई सोरेन पहुंचे, वहीं झारखंड की पूर्व राज्यपाल रहीं द्रौपदी मुर्मू देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति बनीं. इस राजनीतिक यात्रा की नींव जल-जंगल-जमीन और आदिवासी अस्मिता से जुड़े अलग राज्य आंदोलन में पड़ी थी, जिसे जयपाल सिंह मुंडा, शिबू सोरेन, कार्तिक उरांव और डॉ. रामदयाल मुंडा जैसे नेतृत्वकर्ताओं ने आगे बढ़ाया. इसी क्रम में राज्य गठन के 25 वर्षों बाद जनवरी 2026 में PESA नियमों की अधिसूचना ने अनुसूचित क्षेत्रों में ग्राम सभाओं को प्राकृतिक संसाधनों और लघु खनिजों पर अधिकार देकर सशक्त बनाया है, जिसके तहत अब 28,500 पारंपरिक प्रमुखों को मानदेय भी मिल रहा है.
2. स्वतंत्रता संघर्ष और आदिवासी प्रतिरोध की ऐतिहासिक चेतना
झारखंड की धरती ने औपनिवेशिक शासन और शोषण के खिलाफ कई बड़े आदिवासी विद्रोह और संघर्ष देखे हैं. बिरसा मुंडा, तिलका मांझी, सिद्धो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो, बुधु भगत, तेलंगा खड़िया, जतरा टाना भगत, गया मुंडा, नीलांबर-पीतांबर, दिवा-किसुन, भागीरथ मांझी और पोटो हो जैसे नाम इस प्रतिरोध की विरासत के प्रतीक हैं. इनका संघर्ष आज भी झारखंड की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक चेतना का महत्वपूर्ण हिस्सा है.
3. साहित्य, भाषा, सिनेमा और सामाजिक अधिकारों की मुखर आवाज़
आदिवासी भाषाओं और साहित्य को व्यापक मंच देने में डॉ. रामदयाल मुंडा, डॉ. निर्मल मिंज, डॉ. दिगंबर हांसदा, डॉ. जानुम सिंह सोय, रोज केरकेट्टा, ग्रेस कुजूर, जसिंता केरकेट्टा, महादेव टोप्पो, प्यारा केरकेट्टा और जूलियस तिग्गा जैसे व्यक्तित्वों का योगदान उल्लेखनीय है. वहीं, फिल्म, पत्रकारिता और दस्तावेजीकरण के माध्यम से बीजू टोप्पो और वंदना टेटे ने आदिवासी समाज के जीवन व अनुभवों को दर्ज किया. इसके समानांतर जल, जंगल, जमीन और सामाजिक न्याय के मोर्चे पर सिमोन उरांव, चामी मुर्मू, जमुना टुडू, दयामनी बारला और वासवी किरो के कार्यों ने पर्यावरण संरक्षण और आदिवासी अधिकारों को राष्ट्रीय पहचान दिलाई.
4. आदिवासी शिक्षा, छात्रवृत्ति और आवासीय विद्यालयों का विस्तार
जनजातीय साक्षरता दर 58.96 प्रतिशत (2011) से बढ़कर 2023-24 में अनुमानित 66-68 प्रतिशत तक पहुंची है, जबकि माध्यमिक स्तर पर लड़कियों का लैंगिक समानता सूचकांक 1.02 हो गया है. डिजिटल प्लेटफॉर्म ई-कल्याण के माध्यम से 2023-24 में 2,411.91 करोड़ रुपये की वार्षिक छात्रवृत्ति वितरित की गई और 2024-25 में 18.69 लाख आवेदन सत्यापित हुए. मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा ओवरसीज छात्रवृत्ति के लाभार्थियों की संख्या 2021-22 के 7 से बढ़कर 2025-26 में 50 हो गई है और अब इसमें पीएचडी भी शामिल है. इसके साथ ही राज्य में स्वीकृत 89 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों (EMRS) में से 51 कार्यरत हो चुके हैं और जनवरी 2026 तक 50 भवन पूरे हो गए हैं.
5. PVTG कल्याण और वन उपज आधारित आजीविका को बढ़ावा
राज्य के आठ विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG), जिनकी आबादी 2.58 से 2.92 लाख के बीच है, के लिए पीएम-जनमन, बिरसा आवास निर्माण योजना और घर-घर अनाज पहुंचाने वाली पीवीटीजी डाकिया योजना संचालित की जा रही है. इसके अलावा 140 से अधिक वन धन विकास केंद्रों के माध्यम से वन उपज आधारित उद्यम को बढ़ावा दिया जा रहा है, वहीं मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत 40 प्रतिशत सब्सिडी के साथ 25 लाख रुपये तक का बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है.
6. सोहराय-खोवर को GI टैग और सरायकेला छऊ को UNESCO की मान्यता
हजारीबाग और आसपास के क्षेत्रों में आदिवासी महिलाओं द्वारा दीवारों पर बनाई जाने वाली पारंपरिक सोहराय और खोवर चित्रकला को GI टैग मिलने से राज्य की लोककला को विशिष्ट पहचान मिली. वहीं, वर्ष 2010 में सरायकेला की पारंपरिक छऊ नृत्य शैली को UNESCO की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल किया गया, जिससे झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच मिला.
7. तसर सिल्क, हस्तशिल्प और पारंपरिक पर्वों की जीवंत विरासत
झारखंड प्रमाणित जैविक तसर रेशम उत्पादन का अग्रणी राज्य है, जहां बुनकरों की मासिक आय 1,500-2,000 रुपये से बढ़कर 6,000-8,000 रुपये और सेरीकल्चर परिवारों की प्रति सीजन आय 4,000-5,000 रुपये से बढ़कर 35,000-40,000 रुपये तक दर्ज की गई है. झारक्राफ्ट, 5,000 से अधिक सोलर रीलिंग मशीनों तथा NIFT व NID के सहयोग से डोकरा शिल्प (500 से अधिक डिजाइन) व बुनाई को बाजार से जोड़ा गया है. इसके साथ ही सरहुल, करम, सोहराय, बाहा, मागे और टुसू जैसे पर्व तथा नेतरहाट महोत्सव जैसे आयोजन झारखंड की प्रकृति आधारित जीवनशैली को देश-दुनिया के सामने रख रहे हैं.
ऐतिहासिक और पुरातात्विक विरासत
8. नवरत्नगढ़ में नागवंशी राजवंश की ऐतिहासिक विरासत
गुमला जिले में स्थित नवरत्नगढ़ नागवंशी राजवंश के इतिहास से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है. यहां किले, महल और अन्य स्थापत्य अवशेष झारखंड के राजवंशीय इतिहास और तत्कालीन शासन व्यवस्था की जानकारी देते हैं. यह स्थल राज्य की ऐतिहासिक विरासत और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है.
9. पलामू किला चेरो शासन की विरासत का प्रतीक
पलामू क्षेत्र में स्थित पुराने और नए किले चेरो शासकों के इतिहास से जुड़े हैं. किले की स्थापत्य संरचना और अवशेष झारखंड के मध्यकालीन राजनीतिक इतिहास की कहानी कहते हैं. यह क्षेत्र ऐतिहासिक पर्यटन की महत्वपूर्ण संभावना रखता है.
10. मलूटी के मंदिर समूह की स्थापत्य पहचान
दुमका जिले का मलूटी गांव अपने प्राचीन मंदिर समूह के लिए प्रसिद्ध है. यहां मौजूद मंदिरों की स्थापत्य शैली और टेराकोटा से जुड़ी कलात्मक विशेषताएं इसे झारखंड की महत्वपूर्ण ऐतिहासिक धरोहर बनाती हैं. मंदिर समूह के संरक्षण और पर्यटन विकास की दृष्टि से यह स्थल विशेष महत्व रखता है.
11. हर्गड़ी चोकाहातु में हजारों मेगालिथिक समाधि-पत्थर
रांची जिले के बुंडू क्षेत्र में स्थित हर्गड़ी चोकाहातु मेगालिथिक स्थल झारखंड की प्राचीन सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण साक्ष्य है. यहां हजारों की संख्या में समाधि-पत्थर और मेगालिथिक संरचनाएं मौजूद हैं. आर्थिक सर्वेक्षण में चोकाहातु क्षेत्र के 8,000 से अधिक समाधि-पत्थरों का उल्लेख किया गया है. यह स्थल आदिवासी समाज की प्राचीन स्मृति, मृत्यु संस्कार और सामुदायिक परंपराओं को समझने के लिहाज से महत्वपूर्ण है.
12. असुर सभ्यता से जुड़े पुरातात्विक स्थलों की पहचान
खूंटी और आसपास के क्षेत्रों में हंसा, काठारटोली, कुंजला, खंटिटोला और सरिडकेल जैसे पुरातात्विक स्थलों का उल्लेख झारखंड की प्राचीन सभ्यताओं के संदर्भ में किया जाता है. इन स्थलों से जुड़े अवशेष असुर समुदाय की प्राचीन जीवनशैली, लौह तकनीक और ऐतिहासिक परंपराओं के अध्ययन के लिए महत्वपूर्ण हैं.
13. बेनीसागर और टांगीनाथ धाम की पुरातात्विक पहचान
पश्चिमी सिंहभूम क्षेत्र का बेनीसागर प्राचीन स्थापत्य और पुरातात्विक अवशेषों के लिए जाना जाता है. वहीं गुमला जिले का टांगीनाथ धाम धार्मिक आस्था के साथ प्राचीन मंदिर अवशेषों और ऐतिहासिक संरचनाओं के कारण महत्वपूर्ण है. दोनों स्थल झारखंड की धार्मिक और पुरातात्विक विरासत का हिस्सा हैं.
14. जगन्नाथपुर मंदिर और राजमहल की ऐतिहासिक संरचनाएं
रांची का जगन्नाथपुर मंदिर राज्य के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों में शामिल है. दूसरी ओर साहिबगंज जिले का राजमहल क्षेत्र संगी दलान, पुराने भवनों, मस्जिदों और बारादरी जैसी ऐतिहासिक संरचनाओं के लिए जाना जाता है. ये स्थल झारखंड के स्थापत्य और क्षेत्रीय इतिहास की विविधता को सामने लाते हैं.
15. राज्य के 13 स्मारक और पुरातात्विक स्थलों को संरक्षण
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के संरक्षण में झारखंड के 13 स्मारक और स्थल शामिल हैं. इनमें हजारीबाग क्षेत्र के मेगालिथिक अवशेष और अन्य ऐतिहासिक संरचनाएं भी महत्वपूर्ण हैं. इन स्थलों का संरक्षण राज्य की पुरातात्विक विरासत को सुरक्षित रखने की दिशा में अहम है. हालांकि कई स्थलों को अब भी बेहतर संरक्षण, दस्तावेजीकरण और पर्यटन सुविधाओं की जरूरत है.
पर्यटन, प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण
16. घरेलू पर्यटन में 51.1 प्रतिशत की वृद्धि
झारखंड में पर्यटन के क्षेत्र में घरेलू पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है. आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के अनुसार वर्ष 2023 में राज्य में 357.76 लाख घरेलू पर्यटक पहुंचे थे, जबकि 2024 में यह संख्या बढ़कर 540.41 लाख हो गई. इस तरह एक वर्ष में 51.1 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि इसी अवधि में राष्ट्रीय वृद्धि दर 17.5 प्रतिशत रही.
17. राष्ट्रीय घरेलू पर्यटन में झारखंड की हिस्सेदारी बढ़ी
घरेलू पर्यटन में झारखंड की हिस्सेदारी भी बढ़ी है. आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार राष्ट्रीय घरेलू पर्यटन में राज्य की हिस्सेदारी 2023 में 1.43 प्रतिशत थी, जो 2024 में बढ़कर 1.83 प्रतिशत हो गई. यह राज्य के पर्यटन स्थलों की बढ़ती लोकप्रियता का संकेत है.
18. बाबा बैद्यनाथ धाम और श्रावणी मेला धार्मिक पर्यटन का बड़ा केंद्र
देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम झारखंड के प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थलों में शामिल है. श्रावणी मेले के दौरान हर वर्ष लगभग 50 से 55 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है. श्रद्धालुओं के लिए अस्थायी आवास, टेंट सिटी, भीड़ प्रबंधन, AI चैटबॉट और फेस रिकग्निशन आधारित निगरानी जैसी तकनीकी व्यवस्थाओं का विस्तार किया गया है. आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार 4,400 से अधिक श्रद्धालुओं के लिए टेंट आवास की व्यवस्था की गई.
19. पांच पर्यटन सर्किट के माध्यम से स्थलों को जोड़ने की पहल
झारखंड की पर्यटन नीति के तहत राज्य में पांच प्रमुख पर्यटन सर्किट की परिकल्पना की गई है. इनमें धार्मिक एवं आध्यात्मिक सर्किट में बैद्यनाथ धाम, पारसनाथ और रजरप्पा; इको टूरिज्म में बेतला, नेतरहाट और सारंडा; एडवेंचर टूरिज्म में खंडोली, पतरातू और नेतरहाट; आदिवासी एवं विरासत पर्यटन में रांची, खूंटी और सिमडेगा के गांव तथा माइनिंग टूरिज्म में नॉर्थ उरीमारी जैसे क्षेत्रों को शामिल किया गया है.
20. उधवा झील को मिला रामसर स्थल का दर्जा
साहिबगंज जिले की उधवा झील को फरवरी 2025 में रामसर स्थल घोषित किया गया. यह झारखंड की पहली रामसर साइट है. यह आर्द्रभूमि प्रवासी और स्थानीय पक्षियों के लिए महत्वपूर्ण आवास है. वर्ष 2024 की एशियन वाटरबर्ड सेंसस में यहां 58 प्रजातियों के 18,009 पक्षियों की मौजूदगी दर्ज की गई थी. इससे झारखंड की जैव विविधता और पक्षी पर्यटन की संभावनाओं को नई पहचान मिली.
21. पलामू टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या शून्य से पांच हुई
पलामू टाइगर रिजर्व में बाघ संरक्षण के प्रयासों के बीच बाघों की संख्या में सुधार दर्ज किया गया है. आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार वर्ष 2018 में यहां बाघों की संख्या शून्य बताई गई थी, जो 2024 में बढ़कर पांच हो गई. रिजर्व में एंटी-पोचिंग कैंप, निगरानी और वन्यजीव संरक्षण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित हैं.
22. दलमा, बेतला, नेतरहाट और सारंडा की प्राकृतिक विरासत
झारखंड के प्राकृतिक पर्यटन की पहचान बेतला राष्ट्रीय उद्यान, दलमा वन्यजीव अभयारण्य, नेतरहाट और सारंडा के जंगलों से भी है. राज्य के संरक्षित क्षेत्रों में 2,156 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र शामिल है, जिसमें 11 वन्यजीव अभयारण्य और एक राष्ट्रीय उद्यान का उल्लेख आर्थिक सर्वेक्षण में किया गया है. इन क्षेत्रों में वन्यजीव, जैव विविधता और प्राकृतिक पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं. लातेहार के महुआडांड़ को भारत का एकमात्र भेड़िया अभयारण्य भी बताया गया है.
23. माइनिंग टूरिज्म की शुरुआत
झारखंड की खनन विरासत को पर्यटन से जोड़ने के लिए जुलाई 2025 में माइनिंग टूरिज्म पहल शुरू की गई. इसके तहत राजरप्पा और पतरातू से जुड़े पर्यटन मार्ग विकसित किए गए. आर्थिक सर्वेक्षण में राजरप्पा मार्ग के लिए 2,800 रुपये प्लस GST और पतरातू मार्ग के लिए 2,500 रुपये प्लस GST का शुल्क उल्लेखित है. इस पहल का उद्देश्य राज्य की औद्योगिक और खनन विरासत को पर्यटन के नए स्वरूप के रूप में सामने लाना है.
24. इको टूरिज्म में स्थानीय समुदायों की भागीदारी
झारखंड में इको टूरिज्म को स्थानीय समुदायों की आजीविका से जोड़ने के लिए राजस्व साझेदारी का मॉडल अपनाया गया है. आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार इको टूरिज्म से प्राप्त राजस्व में 60 प्रतिशत हिस्सा झारखंड इको टूरिज्म अथॉरिटी (JETA) और 40 प्रतिशत हिस्सा संयुक्त वन प्रबंधन समितियों (JFMCs) को दिया जाता है. इसका उद्देश्य वन क्षेत्रों के आसपास रहने वाले समुदायों को पर्यटन गतिविधियों से आर्थिक लाभ पहुंचाना है.
25. पर्यटन सुविधाओं और आवासीय व्यवस्था के विस्तार की पहल
पर्यटकों की सुविधा के लिए झारखंड पर्यटन विकास निगम (JTDC) के माध्यम से राज्य में सात प्रमुख पर्यटन आवास संचालित किए जा रहे हैं. इनमें नेतरहाट का होटल प्रभात विहार, बेतला का वन विहार, पतरातू का सरोवर विहार, रांची का बिरसा विहार, देवघर के नटराज विहार और बैद्यनाथ विहार तथा धनबाद का रतन विहार शामिल हैं. इसके अलावा होमस्टे विकास, पर्यटन सर्किट के लिए इलेक्ट्रिक बसों और आतिथ्य संस्थानों के सहयोग से सुविधाएं बढ़ाने की पहल की गई है.
26. पर्यटन निवेश और स्थानीय रोजगार की संभावनाएं
झारखंड पर्यटन नीति 2021 के तहत वर्ष 2027 तक पर्यटकों की संख्या को वर्ष 2021-22 के आधार स्तर से दोगुना करने और प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से एक लाख रोजगार सृजित करने का लक्ष्य रखा गया था. नीति में पर्यटन परियोजनाओं के लिए पूंजीगत सब्सिडी, ब्याज सब्सिडी और अन्य प्रोत्साहनों का प्रावधान किया गया. इसके साथ ही स्थानीय भोजन, हस्तशिल्प, सांस्कृतिक आयोजनों और होमस्टे को पर्यटन अर्थव्यवस्था से जोड़ने की कोशिश हुई.
चुनौतियां भी कम नहीं
उपलब्धियों के बीच ज़मीनी चुनौतियां भी गंभीर हैं. झारखंड की प्राकृतिक खूबसूरती, जलप्रपात और सांस्कृतिक विरासत बाहर से आने वाले सैलानियों को बेहद प्रभावित करती है, लेकिन पर्यटन स्थलों के आसपास ठहरने की पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण व्यवस्था न होने से पर्यटक अक्सर मायूस भी नजर आते हैं. राज्य में वर्गीकृत होटलों और आधुनिक आवासीय इकाइयों की क्षमता अब भी सीमित है. यही कारण है कि वर्ष 2024 में घरेलू पर्यटकों की संख्या बढ़कर 540.41 लाख पहुंचने के बावजूद विदेशी पर्यटकों का आगमन महज 0.45 लाख रहा और 2023 की तुलना में इसमें 76.1 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. दूसरी ओर, केंद्र से स्वीकृत पर्यटन मद में 91.85 करोड़ रुपये के मुकाबले 57.60 करोड़ रुपये जारी हुए, लेकिन उसमें से भी केवल 20.67 करोड़ रुपये का ही उपयोग हो सका.
इसी तरह आदिवासी कल्याण और शिक्षा के मोर्चे पर भी कई चुनौतियां कायम हैं. प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में शिक्षकों के 50,000 से अधिक पद रिक्त होने से कई जिलों में छात्र-शिक्षक अनुपात 66:1 तक पहुंच गया है, जिससे माध्यमिक स्तर पर ड्रॉपआउट दर 14 प्रतिशत बनी हुई है. स्वीकृत 89 एकलव्य विद्यालयों में से 38 अभी भी गैर-कार्यात्मक हैं, जबकि तकनीकी व व्यावसायिक उच्च शिक्षा (बी.टेक, एमबीबीएस) में छात्राओं की छात्रवृत्ति हिस्सेदारी घटकर 31 प्रतिशत रह जाती है. राज्य के 75.8 प्रतिशत गांवों में बहुआयामी गरीबी और आजीविका के लिए लगभग 45 लाख लोगों का पलायन यह संकेत देता है कि योजनाओं के धरातल पर ठोस क्रियान्वयन की अभी बड़ी जरूरत है.
No comments yet. Be the first to comment!