रांची. परिसीमन के मुद्दे पर मुख्यमंत्री आवास में हुई बैठक के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने फिलहाल अपना रुख स्पष्ट करने के बजाय केंद्र सरकार के प्रस्तावित बिल का अध्ययन करने का फैसला लिया है. बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पार्टी के राज्यसभा सांसदों के साथ बिल के प्रावधानों पर चर्चा की. सांसदों को दस्तावेज उपलब्ध कराते हुए इसके राजनीतिक, कानूनी और राज्यहित से जुड़े पहलुओं का अध्ययन करने को कहा गया है.
राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने कहा कि इस बिल के बारे में पहले कोई औपचारिक जानकारी नहीं दी गई थी. इसकी जानकारी मीडिया और केंद्रीय मंत्रियों के सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से मिली थी. संसद की ओर से उपलब्ध कराए गए औपचारिक दस्तावेज की प्रति भी गुरुवार रात को मिली. मुख्यमंत्री ने लोकसभा सांसदों के पोर्टल से दस्तावेज निकालकर सांसदों के बीच वितरित किया और इसका अध्ययन करने को कहा.
महुआ माजी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पूछा है कि इस बिल में क्या प्रावधान हैं और इससे झारखंड को कितना फायदा या नुकसान हो सकता है. पार्टी राज्यहित को ध्यान में रखकर ही निर्णय लेगी. मुख्यमंत्री खुद भी बिल का अध्ययन कर रहे हैं और विशेषज्ञों की राय लेंगे. उन्होंने कहा कि सांसद भी अपनी ओर से अध्ययन करेंगे. सभी से बातचीत और विचार-विमर्श के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा.
आदिवासी सीटें बढ़ने पर भी महिला आरक्षण का सवाल
वहीं, राज्यसभा सांसद सरफराज अहमद ने कहा कि मुख्यमंत्री ने लोकसभा और राज्यसभा के सांसदों से बातचीत की है. फिलहाल उपलब्ध दस्तावेजों का अध्ययन किया जा रहा है. इसमें कई ऐसे पहलू हैं, जिनके सकारात्मक और नकारात्मक दोनों प्रभाव हो सकते हैं. मुख्यमंत्री इस पर कानूनी राय भी लेंगे. इसके बाद आगे की रणनीति पर चर्चा होगी.
सरफराज अहमद ने कहा कि अगर परिसीमन के तहत आदिवासी सीटें बढ़ाई जाती हैं, तो यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि महिला आरक्षण में आदिवासी, अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग की महिलाओं को कितनी हिस्सेदारी मिलेगी. उन्होंने सवाल उठाया कि आदिवासी सीटों में बढ़ोतरी होने पर महिलाओं के लिए आरक्षण का अनुपात क्या होगा, इस बारे में अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है.
इस तरह बैठक के बाद JMM ने परिसीमन के प्रस्ताव पर तत्काल समर्थन या विरोध का ऐलान नहीं किया है. पार्टी का कहना है कि बिल के सभी प्रावधानों, झारखंड पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों और कानूनी पहलुओं को समझने के बाद ही अंतिम रुख तय किया जाएगा.
No comments yet. Be the first to comment!