सिमडेगा: झारखंड राज्य स्थापना पखवाड़ा-2026 का समापन शनिवार को सिमडेगा के नगर भवन में समारोहपूर्वक हुआ. इस अवसर पर जिले के 50 से अधिक झारखंड आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया. वहीं, विभिन्न विभागों की ओर से लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों, नियुक्ति पत्रों, स्वीकृति पत्रों और प्रशस्ति पत्रों का वितरण किया गया. समारोह में जिले की विकास उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल भी लगाए गए. कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया.
कार्यक्रम में सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा, कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी, जिला परिषद अध्यक्ष रोस प्रतिमा सोरेंग, नगर परिषद उपाध्यक्ष दीपक कुमार अग्रवाल, उपायुक्त कंचन सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे और उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे.
आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान को किया याद
समारोह को संबोधित करते हुए कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने झारखंड आंदोलन के इतिहास और जल-जंगल-जमीन, भाषा-संस्कृति तथा पारंपरिक अधिकारों की रक्षा के लिए हुए संघर्ष को याद किया. उन्होंने तिलका मांझी, सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो, भगवान बिरसा मुंडा, बुधु भगत, पोटो हो और नीलांबर-पीतांबर जैसे वीर जननायकों को नमन किया.
उन्होंने अपने आंदोलनकारी जीवन का अनुभव साझा करते हुए बताया कि वर्ष 1990-91 में झारखंड मुक्ति मोर्चा के आर्थिक नाकेबंदी आंदोलन में भाग लेने के कारण उन्हें पांच दिनों तक सिमडेगा जेल में रहना पड़ा था. उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य का गठन केवल एक प्रशासनिक इकाई बनाने के लिए नहीं, बल्कि यहां के लोगों की पहचान, भाषा, संस्कृति और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के उद्देश्य से हुआ था.

विधायक ने विल्किंसन रूल, छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम, संविधान की पांचवीं अनुसूची और पेसा कानून का उल्लेख करते हुए ग्रामसभा तथा पारंपरिक ग्राम प्रधानों के अधिकारों को मजबूत करने पर जोर दिया.
वहीं, विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि झारखंड राज्य हमारी पहचान, भाषा, संस्कृति, परंपरा और संघर्ष का प्रतीक है. राज्य को विकसित बनाने के लिए गांवों को मजबूत करना, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना और युवाओं को रोजगार तथा खेल के क्षेत्र में अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है. उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सामूहिक भागीदारी की आवश्यकता बताई.

शिक्षा, विकास और जनभागीदारी पर प्रशासन का जोर
उपायुक्त कंचन सिंह ने झारखंड आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान के प्रति आभार जताते हुए कहा कि स्थापना पखवाड़ा केवल वर्षगांठ मनाने का अवसर नहीं, बल्कि राज्य गठन की जनाकांक्षाओं को पूरा करने की प्रतिबद्धता का उत्सव है. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है.
उपायुक्त ने रामरेखा धाम महोत्सव के बाद चलाए गए स्वच्छता अभियान का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रशासन और नागरिकों के सामूहिक प्रयास से मेला क्षेत्र की सफाई एक दिन में पूरी की गई. उन्होंने झारखंड आंदोलनकारियों के गीत, साहित्य, अनुभव और संघर्ष की कहानियों का दस्तावेजीकरण करने की जरूरत बताई. शिक्षा, खेल और पर्यटन के क्षेत्र में जिले की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने सिमडेगा को विकसित और समृद्ध जिला बनाने की बात कही.
पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे ने पुलिस व्यवस्था के आधुनिकीकरण और जनजागरूकता अभियान की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि चरित्र सत्यापन और पासपोर्ट सत्यापन के लिए निर्धारित 15 दिनों की समयसीमा के मुकाबले सिमडेगा में ये कार्य औसतन छह दिनों में पूरे किए जा रहे हैं. मानव तस्करी, डायन प्रथा और साइबर अपराध के प्रति जागरूकता अभियान के तहत 3,000 से अधिक वॉलंटियर्स को प्रशिक्षित किया गया है.
उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी ने बताया कि स्थापना पखवाड़े के दौरान लगभग दो सप्ताह तक विभिन्न विभागों की ओर से कार्यक्रम आयोजित किए गए. उन्होंने कहा कि जिला ग्रामीण विकास शाखा ने मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना और अबुआ आवास योजना के क्षेत्र में राज्य स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया है. उन्होंने आम के निर्यात, हेरिटेज म्यूजियम, मत्स्य क्षेत्र में प्रॉन पालन और पर्यटन में एडवेंचर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने जैसी पहलों का भी उल्लेख किया.
लाभुकों को परिसंपत्तियां और विद्यार्थियों को सम्मान
समापन समारोह में विभिन्न विभागों की ओर से लाभुकों, विद्यार्थियों और कर्मियों को सम्मानित किया गया. कल्याण विभाग की ओर से दो सामुदायिक वन पट्टों का वितरण किया गया. इसके तहत 868 लाभुकों को 1,500 हेक्टेयर से अधिक भूमि से संबंधित सामुदायिक वन अधिकार प्रदान किए गए.

फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत प्रिंस, अलका और सीमा स्वयं सहायता समूह को कुल 75 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई. समाज कल्याण विभाग की ओर से आंगनबाड़ी केंद्रों के 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को गर्म कपड़े और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत पांच बच्चों को बेबी किट प्रदान की गई. नवचयनित सेविका और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र भी दिए गए. सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत 50 लाभुकों को राशि भुगतान की स्वीकृति से संबंधित पत्र प्रदान किए गए.
शिक्षा विभाग की ओर से इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया. मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के कला संकाय में बेहतर प्रदर्शन करने वाले शुभम कुमार सहित 10 विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र दिया गया. वहीं, सीबीएसई बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा में जिले में टॉप करने वाले 10 छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और लैपटॉप देकर सम्मानित किया गया.
इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों को प्रशस्ति पत्र दिया गया. 14 नवंबर को आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले हिल व्यू इंग्लिश मीडियम, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले सरस्वती शिशु विद्या मंदिर और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले सेंट जॉन्स इंग्लिश मीडियम को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए.
समारोह में दिव्यांगजनों के बीच ट्राई साइकिल, किसानों को ट्रैक्टर और नाव का वितरण भी किया गया. बांसजोर के प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित विभिन्न प्रखंडों के बीपीएम को उनके कार्यों के लिए सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम स्थल पर कृषि, पशुपालन, मत्स्य, समाज कल्याण, शिक्षा, कल्याण, परिवहन, गव्य विकास, जेएसएलपीएस, आईटीडीए सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए. जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से दो एलईडी स्क्रीन के माध्यम से राज्य स्थापना दिवस और सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित वीडियो प्रदर्शित किए गए.
समारोह में अनुमंडल पदाधिकारी सुमन्त तिर्की, अपर समाहर्ता गिरिजा शंकर महतो, परियोजना निदेशक आईटीडीए सरोज तिर्की, जनसंपर्क पदाधिकारी पलटु महतो सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, झारखंड आंदोलनकारी, विद्यार्थी, लाभुक और नागरिक उपस्थित थे.
Also Read : झारखंड: सीएम हेमंत सोरेन ने 43 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को किया सम्मानित, देखें पूरी सूची
No comments yet. Be the first to comment!