Patna : जनसुराज पार्टी ने आज पटना के बेली रोड स्थित शेखपुरा हाउस में एक बड़ा मिलन समारोह आयोजित किया। इस मौके पर पार्टी के सूत्रधार और चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनकी पार्टी जदयू पर बड़ी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि नवंबर के बाद जदयू के सभी नेता और कार्यकर्ता जनसुराज में शामिल होंगे। प्रशांत ने तंज कसते हुए कहा कि नीतीश कुमार अब पीले रंग की बस में घूम रहे हैं और उनके पोस्टर भी पीले रंग के हैं, जो जनसुराज की ओर इशारा करते हैं।
प्रशांत किशोर ने कहा, “हम किसी के खिलाफ नहीं हैं। जनसुराज में वे लोग आ रहे हैं जो बिहार में बेहतर व्यवस्था चाहते हैं। हम चाहते हैं कि बिहार कर्नाटक और गुजरात की तरह तरक्की करे।” उन्होंने भाजपा के ‘चाल, चरित्र, चेहरा’ नारे का जिक्र करते हुए कहा कि अब ऐसे चेहरे जनसुराज में दिख रहे हैं।
उदय सिंह बोले- जनसुराज ही है समाधान
जनसुराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने नए सदस्यों का पीला गमछा पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा, “बिहार के लोग समझ चुके हैं कि उनकी समस्याओं का समाधान जनसुराज ही कर सकती है। इसलिए सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र की बड़ी हस्तियां हमसे जुड़ रही हैं।”
बिहार भाजपा के पूर्व महामंत्री सुधीर शर्मा , चेतना झांब और लंबे समय से भाजपा की नेत्री रहीं विनीता मिश्रा समेत कई नेताओं ने जन सुराज पार्टी एवं प्रशांत किशोर जी की विचारधारा व नीतियों से प्रभावित होकर जन सुराज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
बिहार को कट्टा और कट्टरता वाले दलों से… pic.twitter.com/0jaDAlXQ39— Jan Suraaj Overseas (@jan_overseas) August 1, 2025
मनोज भारती का बयान
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने कहा, “भाजपा ने बिहार के लिए कुछ नहीं किया। यही कारण है कि भाजपा सहित कई पार्टियों के नेता जनसुराज में शामिल हो रहे हैं।”
कौन-कौन हुए शामिल :
समारोह में भाजपा के पूर्व महामंत्री सुधीर शर्मा, महिला प्रदेश उपाध्यक्ष विनीता मिश्रा, युवा उद्यमी चेतना झांब, गोपालगंज के डॉ. शशि शेखर शर्मा, दिल्ली यूनिवर्सिटी के रिटायर्ड प्रोफेसर डॉ. सोमेंद्र कुमार सिंह, पटना हाई कोर्ट के वकील राजेश कुमार मिश्रा, पश्चिम चंपारण के पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजय गिरी सहित कई बड़े नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता जनसुराज में शामिल हुए।
नेताओं ने क्या कहा :
- सुधीर शर्मा : “मैंने अपनी जवानी भाजपा को दी, लेकिन अब यह पार्टी कार्यकर्ताओं की कत्लगाह बन गई है। जनसुराज बिहार का अगला विकल्प है।”
- विनीता मिश्रा : “प्रशांत किशोर और उदय सिंह के नेतृत्व में जनसुराज बिहार को नई दिशा देगी।”
- चेतना झांब : “बिहारियों ने विश्व स्तर पर नेतृत्व किया है। अब जनसुराज के साथ बिहार को उसका पुराना गौरव वापस मिलेगा।”
Also Read : राहुल गांधी 16 दिनों में बिहार के इन 18 जिलों में करेंगे पदयात्रा, इस दिन से शुरू होगा सफर