Ramgarh : होली के दिन पिस्टल के दम पर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम सुजित राम उर्फ सुजित डोम है। वह करीब 41 साल का है और भुरकुंडा के बुधबाजार रिवरसाइड इलाके का रहने वाला है। उसका स्थायी पता बिहार के औरंगाबाद जिले के कुटुम्बा थाना क्षेत्र में बताया गया है। पुलिस ने उसके घर में छापेमारी कर एक देशी पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस और एक मैगजीन बरामद किया है। आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। इस मामले की जानकारी शुक्रवार को रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने दी।
होली के दिन पिस्टल दिखाकर लोगों को डराया
एसपी अजय कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि चार मार्च को होली के दिन भुरकुंडा के बुधबाजार रिवरसाइड इलाके में रहने वाला सुजित डोम आपसी विवाद के दौरान पिस्टल दिखाकर लोगों को डरा रहा था। बताया गया कि वह इलाके में घूम-घूमकर लोगों के बीच खौफ का माहौल बना रहा था। सूचना मिलते ही एसपी ने तुरंत कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद एएसपी सह पतरातु एसडीपीओ गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई।
रात में घर घेरकर की गई छापेमारी
पुलिस टीम ने गुरुवार रात सुजित डोम के घर पर छापेमारी की। इस दौरान वह घर पर ही मौजूद मिला। पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि हथियार कमरे में रखे चदरा के बक्से में छिपाकर रखा गया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बक्से की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक देशी पिस्टल, आठ जिंदा गोलियां और एक मैगजीन बरामद किया गया। पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। एसपी के अनुसार सुजित डोम दागी किस्म का अपराधी है। वह पहले भी आर्म्स एक्ट, डकैती, रंगदारी और संगठित अपराध से जुड़े कई मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस के मुताबिक भदानीनगर रेलवे साइडिंग में लेवी वसूली को लेकर हुए गोलीकांड में भी सुजित डोम का नाम सामने आया था। उस मामले में पतरातु थाना के कांड संख्या 163/2025 में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। बाद में 10 दिसंबर 2025 को उसे जमानत मिल गई थी। जेल से बाहर आने के बाद वह राहुल दुबे के नाम पर इलाके में फिर से दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा था।
Also Read : हुसैनाबाद में झोपड़ी होटल पर छापा, अवैध हथियार के साथ संचालक गिरफ्तार


