Jamshedpur : जमशेदपुर में कानून व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। जमशेदपुर के एसएसपी पीयूष पांडेय ने देर रात आदेश जारी कर जिले के कुल 17 थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों का तबादला कर दिया। जारी आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। इस फेरबदल के बाद कई थानों में नए प्रभारी तैनात किए गए हैं।
साकची और सीतारामडेरा में नए प्रभारी
आदेश के अनुसार साकची थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा को अब सीतारामडेरा थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं सीतारामडेरा के प्रभारी रहे निरंजन कुमार को हटाकर बर्मामाइंस थाना की जिम्मेदारी दी गई है। सिदगोड़ा थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार को उनके पद से हटाकर जमशेदपुर कोर्ट का सुरक्षा प्रभारी बनाया गया है। वहीं टेल्को थाना प्रभारी प्रशांत कुमार को साकची सीसीआर में पदस्थापित किया गया है।
कई सर्किल इंस्पेक्टरों की भी बदली
बर्मामाइंस थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव को जादूगोड़ा का सर्किल इंस्पेक्टर बनाया गया है। वहीं बागबेड़ा थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव को साकची थाना का नया प्रभारी बनाया गया है। घाटशिला थाना प्रभारी वंश नारायण सिंह को मुसाबनी का सर्किल इंस्पेक्टर बनाया गया है। वहीं मुसाबनी के सर्किल इंस्पेक्टर उमेश कुमार ठाकुर को बागबेड़ा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।

सिदगोड़ा, टेल्को और घाटशिला में भी बदलाव
जादूगोड़ा के सर्किल इंस्पेक्टर सुरेश प्रसाद को टेल्को थाना प्रभारी बनाया गया है। साकची सीसीआर में तैनात रहे फैज़ अहमद को सिदगोड़ा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं जमशेदपुर कोर्ट के सुरक्षा प्रभारी राजेंद्र मुंडा को घाटशिला थाना का नया प्रभारी बनाया गया है।
कुछ अधिकारियों को किया गया लाइन हाजिर
इसके अलावा अजय कुमार ठाकुर को पटमदा का सर्किल इंस्पेक्टर बनाया गया है। बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार और जादूगोड़ा थाना प्रभारी राजेश कुमार मंडल को लाइन हाजिर कर दिया गया है। वहीं नीरज कुमार को बोड़ाम का नया थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि ईश्वर दयाल मुंडा को जादूगोड़ा थाना का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत करने की पहल
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह फेरबदल प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने और कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है। नए पदस्थापित थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में तुरंत कार्यभार संभालने का निर्देश दिया गया है।
Also Read : कुजू में कोयला कारोबारी के घर फायरिंग, राहुल दूबे के नाम का मिला रंगदारी पर्चा


