Ramgarh : कुजू ओपी क्षेत्र के सांडी भरेचनगर आदर्श कॉलोनी में मंगलवार देर रात एक कोयला कारोबारी के घर फायरिंग की घटना ने इलाके में दहशत फैला दी। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार रात करीब 10 बजे अज्ञात अपराधी रवि शर्मा के घर पहुंचे और मुख्य गेट को निशाना बनाते हुए दो राउंड फायरिंग की। इसके बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग डर के मारे घरों में छिप गए।
रंगदारी का पर्चा बरामद
घटना स्थल से पुलिस को एक पर्चा भी मिला, जिसमें मोटी रकम रंगदारी के तौर पर देने की धमकी दी गई थी। पर्चे में राहुल दुबे का नाम लिखा था और चेतावनी दी गई थी कि रकम न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

पुलिस ने की जांच शुरू
कुजू ओपी की टीम, जिसमें एसआई ओंकार पाल और मनीष कुमार शामिल थे, तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने फायरिंग में इस्तेमाल गोली के खोखे और पर्चा अपने कब्जे में ले लिया। रवि शर्मा और आस-पास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
सुरक्षा बढ़ाई, गिरफ्तारी का दावा
स्थानीय लोगों के अनुसार, रवि शर्मा से पहले भी रंगदारी की मांग की गई थी। पुलिस इस पहलू को गंभीरता से देख रही है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
Also Read : नामकुम थाना हाजत में आरोपी की मौ’त मामले में SSP ने की कार्रवाई, तैनात पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड

