Deoghar : रामनवमी को देखते हुए देवघर में पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिले के हर गली, चौक और चौराहे पर पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है। असामाजिक तत्वों पर खास नजर रखी जा रही है, ताकि त्योहार के दौरान कोई गड़बड़ी न हो।
ग्रामीण इलाकों में लगातार छापेमारी
इसी बीच उत्पाद विभाग भी सक्रिय हो गया है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में उन जगहों पर छापेमारी की जा रही है, जहां देसी तरीके से शराब बनाई जाती है। प्रशासन का फोकस इस बात पर है कि त्योहार के दौरान लोग अवैध शराब के कारण किसी तरह के हादसे का शिकार न हों।
200 लीटर महुआ जावा किया गया नष्ट
बीती देर रात उत्पाद विभाग की टीम ने मोहनपुर प्रखंड के तिलैया मझियाना गांव में छापेमारी की। गुप्त सूचना के आधार पर पहुंची टीम ने मौके पर करीब 200 लीटर महुआ जावा को नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई उत्पाद विभाग के प्रभारी मणिकांत कुमार की निगरानी में की गई।
आरोपी फरार, केस दर्ज
जानकारी के मुताबिक, आनंदी मंडल नाम का व्यक्ति अवैध तरीके से महुआ शराब बना रहा था और उसे रामनवमी के दौरान बेचने की तैयारी थी। उत्पाद विभाग ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, हालांकि आरोपी फिलहाल फरार है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
महुआ शराब पर सख्त पाबंदी, फिर भी जारी धंधा
देवघर के कई ग्रामीण इलाकों में महुआ शराब का चलन अभी भी बना हुआ है। लोग इसका सेवन करते हैं, जबकि इससे कई बार जानलेवा घटनाएं भी हो चुकी हैं। सरकार ने महुआ से बनी शराब की बिक्री पर सख्त पाबंदी लगा रखी है, इसके बावजूद चोरी-छिपे इसका कारोबार जारी है।
त्योहार पर सुरक्षा और सख्ती दोनों
रामनवमी के मद्देनजर प्रशासन सुरक्षा के साथ-साथ अवैध गतिविधियों पर भी सख्ती दिखा रहा है। साफ है कि इस बार त्योहार के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


