Garhwa : झारखंड के गढ़वा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ने एक अहम कदम उठाया है। यहां जिले की पहली विशेष ‘महिला ओपीडी’ शुरू की जा रही है। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को इलाज के लिए अब झिझक का सामना नहीं करना पड़ेगा। सीएचसी के प्रभारी चिकित्सक डॉ. असजद अंसारी ने बताया कि यह ओपीडी प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित होगी। इसका उद्देश्य महिलाओं को समय पर और बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना है।
महिला डॉक्टर करेंगी इलाज
इस ओपीडी में महिला चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मी तैनात रहेंगे, ताकि महिलाएं बिना किसी संकोच के अपनी स्वास्थ्य समस्याएं साझा कर सकें। खासकर स्त्री रोग से जुड़ी समस्याओं के लिए यह सुविधा काफी राहत देने वाली होगी।
ग्रामीण महिलाओं की झिझक होगी दूर
डॉ. अंसारी ने बताया कि ग्रामीण इलाकों में अक्सर महिलाएं पुरुष डॉक्टरों के सामने अपनी निजी स्वास्थ्य समस्याएं बताने में असहज महसूस करती हैं। इसी परेशानी को देखते हुए यह अलग महिला ओपीडी शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
हजारों महिलाओं को मिलेगा सीधा लाभ
रंका सीएचसी जिले का पहला ऐसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र होगा जहां अलग से महिला ओपीडी की सुविधा मिलेगी। इस पहल से रंका और आसपास के गांवों की हजारों महिलाओं को लाभ मिलेगा और उन्हें अब इलाज के लिए जिला मुख्यालय या निजी क्लीनिकों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
Also Read : रांची ट्रैफिक सुधार की बड़ी योजना, अतिक्रमण हटाकर जाम पर लगेगा ब्रेक


