Ranchi : झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना से जुड़ी महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। क्रिसमस पर्व को देखते हुए नवंबर महीने की किस्त लाभुकों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जा रही है। ज्यादातर जिलों में आधार सीडिंग के माध्यम से 2,500 रुपये की राशि भेज दी गई है। अब केवल दिसंबर महीने की किस्त बाकी है, जिसे भी जल्द जारी करने की तैयारी की गई है।
सामाजिक सुरक्षा निदेशालय के अनुसार राज्य के 24 में से 20 जिलों में 23 दिसंबर से ही राशि ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। देवघर, गुमला, चाईबासा और सरायकेला जिलों में तकनीकी कारणों से थोड़ी देरी हुई, लेकिन 24 दिसंबर की शाम से वहां भी भुगतान शुरू कर दिया गया है। निदेशालय के निदेशक विजय कुमार ने बताया कि योजना के लिए फरवरी 2026 तक की राशि उपलब्ध है, इसलिए किस्त जारी करने में कोई दिक्कत नहीं है। दिसंबर महीने की किस्त जनवरी 2026 में सोहराय और टुसू पर्व को ध्यान में रखते हुए जारी करने की तैयारी है।
रांची जिले में प्रशासन ने लाभुकों की सूची जारी कर दी है। जिले के 3 लाख 93 हजार 84 लाभुकों के खातों में कुल 98 करोड़ 27 लाख 10 हजार रुपये की राशि का भुगतान कर दिया गया है। गौरतलब है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में मंईयां सम्मान योजना के लिए 13,363 करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा दिसंबर 2025 में पेश किए गए अनुपूरक बजट में भी महिला एवं बाल विकास विभाग के लिए बड़ी राशि रखी गई है, ताकि योजना का संचालन बिना रुकावट जारी रहे।
यह योजना अगस्त 2024 से चल रही है। शुरुआत में लाभुकों को 1,000 रुपये प्रति माह दिए जाते थे। जनवरी 2025 से हेमंत सरकार ने यह राशि बढ़ाकर 2,500 रुपये कर दी, जो लगातार दी जा रही है। होली के मौके पर एक साथ तीन महीने की किस्त भी दी गई थी। नवंबर की बकाया किस्त अब जारी हो चुकी है और दिसंबर की किस्त भी जल्द मिलने की उम्मीद है।
Also Read : पीएचसी में नवजात बदलने के आरोप पर हंगामा, जांच के बाद…


