विधानसभा घेराव: लाठीचार्ज में घायल महावीर सिंह व आरती कुजूर गंभीर

रांची : भाजपा के विधानसभा घेराव के दौरान बुधवार को पुलिस की लाठीचार्ज में घायल भाजपा नेता महावीर सिंह और आरती कुजूर गंभीर रुप से रिम्स में ईलाजरत हैं। आरती कुजूर का सिटी स्कैन किया गया है, जिसमे हल्की चोट का जिक्र है। साथ ही कई नेताओं को भी गंभीर चोटें लगी हैं। लाठीचार्ज में घायल 12 नेताओं को रिम्स में भर्ती कराया गया है। इनमें से अधिकतर नेताओं का ईलाज सर्जरी विभाग और हड्डी रोग विभाग में चल रहा है। घायल नेताओं में बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती कुजूर, मंजू लता दुबे, डॉ सीमा सिंह, सुजाता कुमारी, नीलम चौधरी, बसंत कुमार मित्तल का ईलाज सर्जरी विभाग में चल रहा है। वहीं, ग्रामीण भाजपा के नेता महावीर सिंह, अमित कुमार, अनिता देवी, रेखा महतो अर्चना सिंह और डॉ राजीव शाहदेव का ईलाज रिम्स के ऑर्थो विभाग में चल रहा है।

घायलों से का हालचाल लिया बाबूलाल मरांडी ने

रिम्स में बुधवार को घायलों से मिलने पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश, सांसद संजय सेठ, विधायक समरी लाल, रघुवर दास, अमर बाउरी व पूर्व विधायक नागेंद्र महतो भाजपा के घायल कार्यकर्ताओं से मिलने रिम्स पहुंचे। सांसद संजय सेठ ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई बर्बरतापूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस के द्वारा महिला कार्यकर्ताओं को मारा गया है। लाठीचार्ज के दौरान एक भी महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थीं। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता शांतीपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे। जनता इस तरह की कार्रवाई का आने वाले समय में जवाब देगी।