Ramgarh : रामगढ़ थाना क्षेत्र के मरार स्थित हीरक नगर में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। घटना उस समय हुई जब घर का पूरा परिवार केदारनाथ यात्रा पर गया हुआ था। घर लौटने पर परिवार को चोरी की जानकारी मिली, जिसके बाद मामले की शिकायत रामगढ़ थाने में दर्ज कराई गई। पीड़ित सनी कुमार ने पुलिस को बताया कि वह अपने परिवार के साथ कुछ दिनों पहले केदारनाथ यात्रा पर गए थे। इस दौरान उनका घर बंद था। मंगलवार को उनके एक पड़ोसी ने फोन कर बताया कि घर का मुख्य ताला टूटा हुआ है और घर के अंदर का सामान बिखरा पड़ा है। सूचना मिलने के बाद सनी कुमार परिवार सहित वापस रामगढ़ पहुंचे।
जांच में सामने आई लाखों की चोरी
घर पहुंचकर जब परिवार ने सामान की जांच की तो पता चला कि चोर घर में रखे सोने और चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए हैं। चोरी गए जेवरों की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद परिवार के लोगों में चिंता और आक्रोश का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस सक्रिय हो गई। थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। चोरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Also Read : चतरा में 408 बोतल शराब के साथ तस्कर धराया, बिहार भेजने की थी तैयारी

