Johar Live Desk : अगर आप दिन की शुरुआत अपने पसंदीदा गानों से करते हैं, तो यह न सिर्फ आपके मूड को अच्छा करता है, बल्कि आपकी याददाश्त को भी मजबूत बना सकता है। हाल ही में सामने आई एक नई रिसर्च बताती है कि रोजाना संगीत सुनने या बजाने की आदत डिमेंशिया का खतरा कम करने में बेहद प्रभावी साबित हो सकती है।
रिसर्च में क्या पाया गया?
इंटरनेशनल जर्नल ऑफ जिरियाट्रिक साइकियाट्री में प्रकाशित इस अध्ययन में बताया गया है कि 70 साल से अधिक उम्र के वे लोग जो रोज संगीत सुनते हैं, उनमें डिमेंशिया होने की संभावना 39% तक कम होती है। ऑस्ट्रेलिया की मोनाश यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने 10,800 से ज्यादा बुजुर्गों के डेटा का विश्लेषण किया। निष्कर्ष यह निकला कि जो लोग नियमित रूप से संगीत सुनते थे, उनकी कॉग्निटिव क्षमता बेहतर थी। उनमें कॉग्निटिव डैमेज का खतरा 17% कम पाया गया और एपिसोडिक मेमोरी भी बेहतर देखी गई।
क्या संगीत वास्तव में दिमाग की रक्षा करता है?
अल्जाइमर एसोसिएशन के अनुसार, करीब 70 लाख लोग डिमेंशिया से प्रभावित हैं। लगातार बढ़ते मामलों के बीच संगीत को सबसे आसान, सुरक्षित और किफायती उपाय माना जा रहा है।
रिसर्च के अनुसार :
- इंस्ट्रूमेंट बजाना या गाना : खतरा 35% कम
- संगीत सुनना + बजाना : डिमेंशिया का खतरा 33% कम, कॉग्निटिव इम्पेयरमेंट 22% कम
अध्ययन की सह-लेखिका एमा जैफा के मुताबिक, संगीत दिमाग के कई हिस्सों को एक साथ सक्रिय करता है, एक तरह से यह “फुल-ब्रेन वर्कआउट” जैसा होता है। पिछले शोध भी बताते हैं कि संगीत भाषा, याददाश्त, प्रोसेसिंग स्पीड और कोऑर्डिनेशन को सुधारता है।
डिमेंशिया का जोखिम कम करने के अन्य आसान उपाय
- जीवन में उद्देश्य होना : 2025 में American Journal of Geriatric Psychiatry में प्रकाशित अध्ययन बताता है कि जिन लोगों के जीवन में स्पष्ट उद्देश्य होता है, उनका दिमाग अधिक मजबूत और लचीला रहता है।
- हफ्ते में सिर्फ 35 मिनट एक्सरसाइज : जॉन्स हॉपकिन्स के 2025 अध्ययन के अनुसार, सप्ताह में सिर्फ 35 मिनट मध्यम या तेज व्यायाम भी डिमेंशिया का जोखिम 41% तक कम कर सकता है।
- सामाजिक रूप से सक्रिय रहना : 2024 के American Medical Association अध्ययन के मुताबिक, परिवार और दोस्तों से जुड़े रहना दिमाग की कॉग्निटिव रिजर्व को मजबूत करता है।
- रोजाना घर के काम करना : 2023 के Frontiers in Psychology शोध में पाया गया कि नियमित घरेलू काम करने वाले लोगों में डिमेंशिया का खतरा कम होता है।
छोटी आदतें, बड़ा असर
अगर आप रोज संगीत सुनें, थोड़ी देर टहलें, परिवार से बातचीत करें और जीवन में छोटा सा उद्देश्य तय करें – तो ये साधारण आदतें आपके दिमाग को लंबे समय तक स्वस्थ और सक्रिय बनाए रख सकती हैं।
Also Read : बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बाबा बैद्यनाथ धाम में की पूजा-अर्चना


