Jamtara : जामताड़ा में जिला अधिवक्ता संघ से जुड़े वकीलों ने एसडीओ की कार्यशैली को लेकर मोर्चा खोल दिया है। अधिवक्ताओं का आरोप है कि एसडीओ समय पर आदेश पारित नहीं करते हैं और मनमानी करते हैं, जिससे कोर्ट में मामले निपटने में देरी हो रही है।
अधिवक्ताओं का आरोप
जामताड़ा कोर्ट के अधिवक्ताओं ने बताया कि एसडीओ आवेदनों पर समय पर सुनवाई नहीं करते हैं। कई मामलों में आदेश पारित होने के बाद भी सूचना दो-चार महीने बाद दी जाती है। वहीं, मिस पिटीशन पर भी कोई कार्रवाई नहीं होती। इससे अधिवक्ताओं और मुवक्किलों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ता है।
जिला अधिवक्ता संघ ने लिया फैसला
अधिवक्ताओं की शिकायत पर जिला अधिवक्ता संघ की बैठक हुई। संघ ने निर्णय लिया है कि एसडीओ को ज्ञापन सौंपकर सुधार लाने का आग्रह किया जाएगा। यदि इसके बाद भी कार्यशैली में सुधार नहीं होता और शिकायतों का समय पर निपटारा नहीं किया जाता, तो सभी अधिवक्ता एसडीओ कोर्ट का अनिश्चितकालीन बहिष्कार करेंगे।
संघ अध्यक्ष का बयान
जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष मोहनलाल बर्मन ने कहा कि एसडीओ के खिलाफ मिली शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो अधिवक्ता सड़क पर भी उतर सकते हैं। फिलहाल, एसडीओ की कार्यशैली को लेकर अधिवक्ताओं में गहरा रोष देखा जा रहा है और जल्द ही स्थिति और गंभीर हो सकती है।
Also Read : एक्शन मोड में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, अपराध नियंत्रण के लिए तैनात किये दो OSD


