आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को ऐलान करते हुए कहा कि वे 4 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास तक मार्च करेंगे और केंद्र की E20 फ्यूल पॉलिसी में बदलाव की मांग करने वाली नागरिकों की एक याचिका सौंपेंगे. कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में E20 फ्यूल पर आयोजित एक टाउन हॉल मीटिंग को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा, “मैं मंगलवार दोपहर अर्जियां इकट्ठा करूंगा और करीब 100 लोगों के साथ लोक कल्याण मार्ग स्थित नरेंद्र मोदी के आवास तक मार्च का नेतृत्व करूंगा.”
बातचीत के दौरान केजरीवाल ने कहा कि लोगों ने सरकार के सामने तीन मुख्य मांगें रखी हैं. पहली मांग- पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं के पास रेगुलर पेट्रोल और E20 फ्यूल के बीच चुनने का विकल्प होना चाहिए. दूसरी मांग- पेट्रोल की कीमतें मौजूदा 84 रुपये प्रति लीटर से कम की जानी चाहिए और तीसरी मांग है कि इथेनॉल की कीमत कम की जानी चाहिए.
केजरीवाल बोले- इथेनॉल पेट्रोल से महंगा
केजरीवाल ने कहा, ‘इथेनॉल बनाने वाले प्लांट के आस-पास के इलाकों में जमीन के नीचे का पानी प्रदूषित हो जाता है. मेरी सरकार से अपील है कि वह उस रिपोर्ट को सार्वजनिक करे, जिसका हवाला देकर सरकार ने दावा किया था कि E20 से वाहनों को कोई नुकसान नहीं होता है. नेशनल टाउन हॉल’ में कई राज्यों के लोग शामिल हुए. उन्होंने E20 के इस्तेमाल को लेकर अपने अनुभव और समस्याओं के बारे में बताया जिनका सामना उन्हें अपने वाहनों के साथ करना पड़ रहा है.
भारत में 20% एथेनॉल और 80% पेट्रोल के इस मिश्रण (E20) का विरोध हो रहा है. खासकर 2023 से पहले बनी पेट्रोल गाड़ियों के मालिक परेशान हैं. उनका दावा है कि इस फ्यूल से गाड़ियों का माइलेज कम हो रहा है, मेंटेनेंस का खर्च बढ़ गया है. इंजन के पार्ट्स जल्दी खराब हो रहे हैं.
AAP ने प्रधानमंत्री को संबोधित एक ऑनलाइन याचिका शुरू की थी, जिस पर दो लाख से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं. शनिवार के कार्यक्रम के बाद, वह प्रधानमंत्री आवास जाकर यह याचिका सौंपेंगे.
Also Read : झारखंड : श्रावणी मेला में हेलीकॉप्टर सेवा की शुरुआत 4 अगस्त से, जानें देवघर-बासुकीनाथ का किराया

