सीएम हेमंत सोरेन होंगे मुख्य अतिथि
इस कार्यक्रम की खास बात यह है कि इसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। उनके अलावा नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू समेत कई मंत्री, सांसद और विधायक भी मौजूद रहेंगे। पार्टी के बड़े नेताओं की मौजूदगी से कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में खास उत्साह देखा जा रहा है।
गांव से शहर तक से उमड़ेगा जनसैलाब
स्थापना दिवस को लेकर सिर्फ शहर ही नहीं, गांवों में भी काफी उत्साह है। पार्टी नेताओं का कहना है कि पूरे जिले से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक कार्यक्रम में पहुंचेंगे। ग्रामीण इलाकों के साथ-साथ शहरी क्षेत्र से भी लोग शामिल होंगे। हाल के दिनों में शहरों में भी झामुमो का जनाधार बढ़ा है, ऐसे में इस बार भीड़ और ज्यादा रहने की उम्मीद है।
इस बार कई मायनों में खास है आयोजन
इस बार का स्थापना दिवस समारोह कई वजहों से खास माना जा रहा है। पहली बार यह कार्यक्रम 30 मार्च को आयोजित हो रहा है, जबकि हर साल इसे 4 मार्च को मनाया जाता था। इस बार होली के कारण तारीख में बदलाव किया गया है। वहीं पहली बार दिशोम गुरु शिबू सोरेन की गैरमौजूदगी में यह आयोजन हो रहा है। इसके अलावा इस बार सांस्कृतिक कार्यक्रम भी नहीं रखा गया है।
मेयर और डिप्टी मेयर भी रहेंगे मौजूद
इस बार कार्यक्रम में शहर के मेयर और उप मेयर भी शामिल होंगे, जो इसे और खास बना रहा है। पार्टी इसे अपने बढ़ते शहरी जनाधार से जोड़कर भी देख रही है।
नेताओं ने लिया तैयारी का जायजा
रविवार को नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू खुद झंडा मैदान पहुंचे और तैयारी का जायजा लिया। उन्होंने मंच, पंडाल और अन्य व्यवस्थाओं को देखा और जहां कमी दिखी, उसे तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस दौरान झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह, मेयर प्रमिला मेहरा, उप मेयर सुमित कुमार समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह
झामुमो नेताओं का कहना है कि इस बार का स्थापना दिवस सिर्फ एक समारोह नहीं, बल्कि संगठन की ताकत दिखाने का मौका है। पार्टी को उम्मीद है कि झंडा मैदान में बड़ी संख्या में लोग जुटेंगे और यह आयोजन यादगार बनेगा।