रांची। अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से रांची पुलिस ने रविवार को पूरे जिले में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया है. जिला और थाना स्तर की सीमाओं को सील कर सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक पुलिस की यह कार्रवाई जारी रहेगी. इस अभियान के दौरान शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक प्रमुख सड़कों, थाना क्षेत्रों की सीमाओं और संवेदनशील स्थानों पर वाहनों को रोककर जांच की गई.
इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराधियों और असामाजिक तत्वों के बीच पुलिस का भय कायम करना तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करना है. एसएसपी राकेश रंजन के आदेश पर सिटी एसपी पारस राणा और ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में यह अभियान चलाया जा रहा है.
चार पहिया वाहनों की विशेष जांच
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच की. जांच के दौरान संदिग्ध प्रतीत होने वाले लोगों से पूछताछ भी की गई. पुलिस की टीमों ने प्रमुख मार्गों और जिले की सीमाओं पर विशेष निगरानी रखी, ताकि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन की आवाजाही पर नजर रखी जा सके.
सिटी एसपी पारस राणा का कहना है कि इस तरह के समन्वित अभियान से अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने में मदद मिलेगी. जिला और थाना स्तर की सीमाओं को सील कर एक निर्धारित समय में जांच अभियान चलाने से पुलिस की मौजूदगी भी व्यापक स्तर पर सुनिश्चित होती है. अभियान के दौरान आम लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा गया.
पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया गया कि जांच के दौरान यातायात व्यवस्था सामान्य बनी रहे और जरूरी काम से आने-जाने वाले लोगों को कम से कम असुविधा हो. नियमित और अचानक होने वाली वाहन जांच से कानून-व्यवस्था मजबूत करने के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी.
रांची पुलिस की आम जनता से अपील
रांची पुलिस की ओर से आने वाले दिनों में भी जरूरत के अनुसार इस तरह के विशेष जांच अभियान चलाए जाने की संभावना है. पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और जांच के दौरान पुलिस का सहयोग करने की अपील की है. वहीं, किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के बारे में सूचना मिलने पर तत्काल संबंधित थाना को या फिर वरीय अधिकारियों को जानकारी देने का आग्रह किया है.
Also Read : झारखंड : रांची रेलवे स्टेशन से अगवा 4 साल का बच्चा साहिबगंज से बरामद, 5 आरोपी गिरफ्तार

