Ranchi : आगामी 18 फरवरी से 19 मार्च 2026 तक झारखंड विधानसभा का बजट सत्र चलने वाला है। इसे देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने पूरे राज्य में अलर्ट जारी कर दिया है। रांची, धनबाद और जमशेदपुर के एसएसपी, बाकी सभी जिलों के एसपी, यहां तक कि रेल पुलिस को भी साफ निर्देश दिया गया है कि सुरक्षा में किसी तरह की ढिलाई नहीं होनी चाहिए। पुलिस का कहना है कि सत्र के दौरान मंत्री और विधायक अपने-अपने इलाकों से रांची आएंगे और बीच-बीच में वापस भी जा सकते हैं। ऐसे में रास्ते में सुरक्षा सबसे बड़ी जिम्मेदारी होगी। यह अधिसूचना आईजी अभियान एस माइकल राज के आदेश से जारी किया गया है।
क्यों बढ़ाई गई सतर्कता
अधिसूचना में कहा गया है कि पहले भी पहले उग्रवादी घटनाएं हो चुकी हैं। इसलिए इस बार कोई जोखिम नहीं लिया जाएगा। खासकर वे इलाके जो पहले से संवेदनशील माने जाते हैं, वहां ज्यादा चौकसी रखी जाएगी। आशंका जताई गई है कि कुछ असामाजिक या उग्रवादी तत्व जनप्रतिनिधियों को निशाना बनाने की कोशिश कर सकते हैं।
सड़क और रेल मार्ग पर खास नजर
साफ निर्देश दिया गया है कि सड़क और रेल दोनों मार्गों पर गश्ती दल बढ़ाए जाएं। रोड ओपनिंग पार्टी को सक्रिय रखा जाएगा। यानी जिन रास्तों से मंत्री और विधायक गुजरेंगे, वहां पहले से जांच-पड़ताल की जाएगी। जंगल और घाटी वाले इलाकों में खास तौर पर निगरानी रहेगी। आसूचना तंत्र को भी एक्टिव रहने को कहा गया है। स्थानीय पुलिस को अपने-अपने क्षेत्र में हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने और तुरंत रिपोर्ट देने का आदेश है।
इन सड़कों पर रहेगी विशेष चौकसी
पुलिस ने कई मार्गों को संवेदनशील मानते हुए वहां अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा है। इनमें रांची-बुंडू-तमाड़ का तैमारा घाटी इलाका, रांची-हजारीबाग-कोडरमा मार्ग पर चुटूपालू और तिलैया घाटी, हजारीबाग-बगोदर-गिरिडीह सड़क, रांची-सिमडेगा-गुमला का कोलेबिरा जंगल, खूंटी-चाईबासा का बंदगांव जंगल क्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा रांची-लातेहार-पलामू मार्ग, सिमरिया और चतरा के जंगल इलाके, डाल्टनगंज-नेतरहाट मार्ग, रामगढ़-गोला-बोकारो, बगोदर-सरिया-जमुआं, चान्हों-खलारी-सिमरिया और सरायकेला-खरसावां इलाके में भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। जंगल और घाटी वाले रास्तों पर खास नजर रखने को कहा गया है, क्योंकि ऐसे इलाकों में पहले घटनाएं हो चुकी हैं।
क्या दिए गये निर्देश
सभी जिलों को कहा गया है कि गश्ती बढ़ाएं, चेकिंग सख्त करें और जरूरत पड़े तो अतिरिक्त बल की मांग करें। रोड ओपनिंग पार्टी को प्रभावी तरीके से लगाया जाए ताकि कोई भी अप्रिय घटना होने से पहले ही रोकी जा सके। वरिष्ठ अधिकारियों को भी नियमित समीक्षा करने और ग्राउंड रिपोर्ट लेने को कहा गया है। किसी भी संदिग्ध हलचल पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
आम लोगों के लिए क्या मतलब
पुलिस मुख्यालय ने साफ किया है कि यह एहतियाती कदम है। आम लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। हालांकि चेकिंग और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहने से कुछ जगहों पर आवाजाही में थोड़ी सख्ती दिख सकती है। कुल मिलाकर, बजट सत्र को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से कराने के लिए पुलिस पूरी तैयारी में जुट गई है। इस बार किसी भी तरह की चूक नहीं हो, इसके लिए पहले से ही कमर कस ली गई है।
Also Read : मंईयां सम्मान के पैसे जल्द लाभुकों के खाते में, सरकार ने दी तैयारी की जानकारी


