किसलय शानू: रांची
जेपीएसएससी (JPSC) परीक्षा घोटाले को लेकर सीआइडी द्वारा तैयार आरंभिक रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ है कि अभय तिवारी हमेशा पहले से बेहतर पद के लिए परीक्षा देता था. उसका चयन इंटरव्यू के लिए भी हो जाता था, लेकिन इंटरव्यू में वह शामिल नहीं होता था. सीआइडी ने अपनी जांच रिपोर्ट में इसे संदिग्ध बताया है.
शिकायत पत्र में उल्लेखित तथ्यों के आधार पर सीआइडी ने लिखा है कि अभय तिवारी वर्तमान में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के पद पर पोड़ैयाहाट, गोड्डा में कार्यरत था. उसके द्वारा कई परीक्षाओं में शामिल होकर सफलता प्राप्त की गई. लेकिन अपने वर्तमान पद से बेहतर पद के लिए इंटरव्यू में चयनित होने के बाद भी वह आगे की परीक्षा में शामिल नहीं हुआ. इसलिए यह मामला बेहद संदिग्ध है.
इस बिंदु पर गहराई से जानकारी एकत्र करने के लिए सीआइडी की टीम ने अभय तिवारी से पूछताछ की है. हालांकि, इस संबंध में अभय तिवारी ने गोल-मोल जवाब दिया है. अभय तिवारी ने पूछताछ में क्या बताया है, इसका सीआइडी के अधिकारियों ने अभी आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं किया है.
शिकायत के आधार पर अभय तिवारी द्वारा दी गई परीक्षाओं और उनके परिणामों को लेकर भी सीआइडी द्वारा रिपोर्ट तैयार की गई है.
अभय तिवारी के बारे में मुख्यमंत्री को शिकायत में क्या बताया गया था?
अभय तिवारी के बारे में शिकायत में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को यह बताया गया था कि अभय तिवारी को परीक्षाओं में अनुचित लाभ पहुंचाकर पास कराया जाता था. इस बात की शिकायत मिलने के बाद विवाद होने पर वह मुख्य परीक्षा में अनुपस्थित हो गया था.
शिकायतकर्ता द्वारा खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी भर्ती परीक्षा, झारखंड सहायक वन संरक्षक नियुक्ति परीक्षा, झारखंड वन क्षेत्र पदाधिकारी नियुक्ति परीक्षा और झारखंड संयुक्त असैनिक प्रतियोगिता परीक्षा 2026 में भी गड़बड़ी की आशंका जाहिर की गई है. इन सभी बिंदुओं पर सीआइडी की जांच जारी है.
सीआइडी की जांच रिपोर्ट के अनुसार अभय तिवारी द्वारा दी गई परीक्षाएं
| परीक्षा का नाम | संस्था का नाम | परिणाम | कोटि | अंतिम परिणाम |
|---|---|---|---|---|
| पीजीटीटीसीइ | जेएसएससी | पास | ईडब्ल्यूएस | अंतिम रूप से चयनित |
| सीजीएल | जेएसएससी | पास, रैंक-2 | ईडब्ल्यूएस | अंतिम रूप से चयनित, गोड्डा में पदस्थापित |
| एसीएफ | जेपीएससी | पीटी पास | ईडब्ल्यूएस | मुख्य परीक्षा में अनुपस्थित |
| एफआरओ | जेपीएससी | पीटी पास | ईडब्ल्यूएस | मुख्य परीक्षा में अनुपस्थित |
| एफएसओ | जेपीएससी | मेंस में पास | ईडब्ल्यूएस | इंटरव्यू में अनुपस्थित |
Also Read : झारखंड: जेपीएससी परीक्षा अनियमितता मामला, चार आरोपियों की रिमांड दो दिन और बढ़ी

