खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने चतरा जिले में अनिश्चितकालीन आर्थिक नाकेबंदी की घोषणा की है. जिला अध्यक्ष निलेश ज्ञासेन ने 14 अगस्त से जिले में संचालित सभी खनिज पदार्थों के उत्खनन और ट्रांसपोर्टेशन को अगले आदेश तक बंद रखने का निर्देश जारी किया है.
JMM ने कार्यकर्ताओं को आंदोलन में सक्रिय भागीदारी का दिया निर्देश
JMM जिला अध्यक्ष की ओर से जारी पत्र में जिला समिति, प्रखंड और नगर समितियों के पदाधिकारियों के साथ-साथ सभी वर्ग संगठनों के कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को एकजुट और अनुशासित तरीके से सफल बनाने की अपील की गई है. पार्टी ने चतरा में रहने वाले केंद्रीय समिति के सदस्यों से भी आंदोलन को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी की अपील की है.
जल-जंगल-जमीन और खनिज संपदा के अधिकार का मुद्दा उठाया
JMM का कहना है कि केंद्र सरकार के नए विधेयक को लेकर झारखंड के जल, जंगल, जमीन, खनिज संपदा, राज्य के अधिकार और आर्थिक हितों को लेकर व्यापक चिंता है. इसी के मद्देनजर केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर चतरा में आर्थिक नाकेबंदी का फैसला लिया गया है.
खनिज गतिविधियां बंद रखने का ऐलान
पार्टी के निर्देश के मुताबिक चतरा जिले में खनिज पदार्थों का उत्खनन और उनका ट्रांसपोर्टेशन 14 अगस्त से अनिश्चितकाल के लिए बंद रहेगा. यह बंदी अगले निर्देश तक जारी रखने की बात कही गई है. इससे जिले में खनन और खनिज परिवहन से जुड़ी गतिविधियों पर असर पड़ने की संभावना है.
Also Read: झारखंड: तिरुपति में चोरी हुए 2 करोड़ के मोबाइल साहेबगंज से बरामद, तीन गिरफ्तार

