Ranchi : झारखंड में सर्द हवाओं का असर अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ता नजर आ रहा है। राजधानी रांची में पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, रांची के कांके क्षेत्र में राज्य का सबसे कम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पलामू और लोहरदगा जिलों में भी ठंड का असर बना हुआ है, जहां न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया।
हिमालय में बर्फबारी थमने से बदला मौसम
मौसम विभाग के अनुसार हिमालयी क्षेत्रों में फिलहाल बर्फबारी रुक गई है। इसके कारण उत्तर-पश्चिम दिशा से चलने वाली ठंडी हवाओं की रफ्तार में कमी आई है। इसका असर झारखंड के मौसम पर भी पड़ा है और आने वाले दिनों में राज्य के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।
चार जिलों में अभी भी ठंड का असर
मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार को झारखंड के चार जिलों पलामू, खूंटी, हजारीबाग और गुमला में ठंड का असर बना रहेगा। इन जिलों में न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
राज्य के बाकी 20 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को ठंड से राहत मिलेगी। जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान करीब 12 डिग्री रहने की संभावना है। वहीं धनबाद, बोकारो, देवघर, गिरिडीह समेत अन्य जिलों में भी तापमान 11 से 12 डिग्री के आसपास बना रहेगा।
दिन में धूप से मिलेगी राहत
मौसम विभाग के अनुसार दोपहर के समय आसमान पूरी तरह साफ रहेगा। तेज और चमकदार धूप निकलने से दिन का मौसम सुहावना बना रहेगा। हालांकि सुबह और रात के समय हल्की कनकनी महसूस की जा सकती है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
Also Read : डोडा सड़क हादसे में शहीद जवानों के पार्थिव शरीर रांची पहुंचे, एयरपोर्ट पर दी गई अंतिम सलामी


