Ranchi : झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में डुमरी विधायक जयराम महतो ने बिजली आपूर्ति में लगातार आ रही दिक्कतों का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि कई इलाकों में ट्रांसफार्मर जलने या तार खराब होने के बाद बिजली बहाल होने में काफी देर हो जाती है। इससे आम जनता को रोजमर्रा की जिंदगी में बहुत परेशानी होती है।
शिकायत कहां करें यह भी नहीं पता
जयराम महतो ने सवाल उठाया कि उपभोक्ताओं को यह पता नहीं होता कि ट्रांसफार्मर जलने, तार टूटने या अन्य तकनीकी खराबी की स्थिति में शिकायत कहां दर्ज करानी चाहिए। उन्होंने सरकार से शिकायत निवारण प्रक्रिया और समय सीमा स्पष्ट करने की मांग की।
24 घंटे में बदलाव की मांग
विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि बिजली मुफ्त नहीं है, लोग इसके लिए भुगतान करते हैं, इसलिए उन्हें अच्छी सेवा का अधिकार है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर कोई ट्रांसफार्मर जल जाता है तो उसे 24 घंटे के भीतर बदलना चाहिए।
विभाग की कठिनाइयों को भी स्वीकारा
ऊर्जा मंत्री ने सदन में कहा कि कई बार ट्रांसफार्मर बदलने में देरी हो जाती है। इसका कारण विभाग में ट्रांसफार्मर की कमी है। उन्होंने बताया कि इस वजह से तय समय में बिजली बहाल नहीं हो पाती।
शिकायत दर्ज कराने के विकल्प
जयराम महतो ने उपभोक्ताओं की तरफ से यह भी पूछा कि शिकायत आखिर कहां दर्ज कराई जाए। मंत्री ने बताया कि लोग एग्जीक्यूटिव इंजीनियर या डिवीजन कार्यालय में अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं। इसके अलावा, गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए विभाग जल्द ही टोल-फ्री नंबर भी जारी करेगा, ताकि लोग आसानी से बिजली संबंधी शिकायत दर्ज कर सकें। इस मुद्दे पर विपक्ष के सदस्यों ने भी जयराम महतो का समर्थन किया और कहा कि आम जनता के लिए बिजली की नियमित आपूर्ति बेहद जरूरी है।
Also Read : RIMS-2 बनेगा एशिया का सबसे बड़ा अस्पताल, 8 मेडिकल कॉलेजों की भी तैयारी


