झारखंड विधानसभा चुनाव : 13 विधानसभा सीटों के लिए बुधवार से नामांकन

JoharLive Team

रांची । झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए बुधवार को अधिसूचना जारी की जायेगी। इसके साथ ही राज्य के 13 विधानसभा सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जायेगी। इन सीटों पर उम्मीदवार 13 नवम्बर तक नामांकन दाखिल कर सकते हैं। नामांकन पत्रों की जांच 14 नवम्बर को होगी। 16 नवम्बर तक नाम वापस लिये जा सकेंगे। मतदान 30 नवम्बर को होगा। मतों की गिनती 23 दिसम्बर को होगी।

पहले चरण में चतरा, गुमला, विशुनपुर, लोहरदगा, मनिका, लातेहार, पांकी, डाल्टनगंज, विश्रामपुर, छतरपुर, हुसैनाबाद, गढ़वा और भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में वोट डाले जायेंगे। इन 13 सीटों में से 10 अभी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झोली में हैं। 2014 के विधानसभा चुनाव में 13 में से सात सीटों पर भाजपा जीती थी। दो-दो सीटें कांग्रेस और झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) के खाते में गयी थी। एक सीट पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और एक अन्य नौजवान संघर्ष मोर्चा को मिली थी। बाद में कांग्रेस विधायक सुखदेव भगत, झाविमो विधायक प्रकाश राम और नौजवान संघर्ष मोर्चा के भानुप्रताप शाही भाजपा में शामिल हो गये हैं। उल्लेखनीय है कि पहले चरण के 13 सीटों में केवल विशुनपुर, पांकी और हुसैनाबाद में भाजपा के विधायक नहीं हैं। विशुनपुर में झामुमो, पांकी में कांग्रेस और हुसैनाबाद में बसपा के विधायक थे। बसपा विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता सोमवार को आजसू पार्टी में शामिल हो गये।