Johar Live Desk : देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा JEE Mains 2026 का पहला सेशन अब खत्म हो गया और लाखों छात्रों का इंतजार अब खत्म हो चुका है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने B.E./B.Tech. के पहले पेपर के नतीजे जारी कर दिए हैं। छात्र अपने स्कोरकार्ड सीधे NTA की आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर देख सकते हैं।
12 छात्रों ने 100 परसेंटाइल स्कोर कर रचा इतिहास
इस साल के पहले सेशन में 12 छात्रों ने परफेक्ट 100 परसेंटाइल हासिल किया है। यानी इनका परफॉर्मेंस ऐसा रहा कि कोई भी और आगे नहीं बढ़ सका। टॉपर्स की पूरी लिस्ट इस प्रकार है:
- श्रेयस मिश्रा
- नरेंद्रबाबू गारी महित
- शुभम कुमार
- कबीर छिल्लर
- चिरंजीव कर
- भावेश पात्रा
- अनय जैन
- अनिवि गौतम
- पासाला मोहित
- माधव चित्तेडिया
- पुरोहित निमय
- विवान शरद माहेश्वरी
बिहार के शुभम और हरियाणा की अर्शी का जलवा
100 परसेंटाइल करने वालों में बिहार के शुभम कुमार का नाम भी शामिल है। वहीं छात्राओं में हरियाणा की अर्शी ग्रोवर ने 99.996 परसेंटाइल के साथ टॉप किया। यानी इस बार लड़कियों ने भी कमाल का परफॉर्मेंस दिखाया है।
परीक्षा में शामिल हुए 13 लाख से ज्यादा छात्र
इस साल जनवरी सत्र की परीक्षा 21, 22, 23, 24 और 28 जनवरी को देश-विदेश के 658 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। कुल 13,55,293 छात्रों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 13,04,653 (लगभग 96.26%) छात्र परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा भारत के अलावा 15 विदेशी शहरों में भी आयोजित की गई, जिनमें दुबई, शारजाह, सिंगापुर, मस्कट और वॉशिंगटन शामिल हैं।
लड़के ज्यादा, लड़कियां भी कम नहीं
JEE Mains 2026 में कुल रजिस्टर्ड छात्रों में 4.67 लाख से ज्यादा लड़कियां थीं और 8.87 लाख से ज्यादा लड़के।
- सामान्य श्रेणी : 4.52 लाख
- OBC : 5.17 लाख
- EWS : 1.60 लाख
NTA ने इस्तेमाल की नई तकनीकें
NTA ने रिजल्ट तैयार करने में ‘नॉर्मलाइजेशन’ प्रक्रिया का इस्तेमाल किया ताकि अलग-अलग शिफ्ट के पेपर के कठिनाई स्तर को बराबर किया जा सके। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए AI वीडियो एनालिटिक्स, 5G जैमर और आधार E-KYC जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया गया। हालांकि, परीक्षा में गड़बड़ी के आरोप में 68 छात्रों का रिजल्ट रोक दिया गया है।
अब तैयारी सेशन-2 के लिए
पहले सेशन के रिजल्ट के बाद अब छात्र सेशन-2 (अप्रैल) की तैयारी में जुट गए हैं। NTA के अनुसार, छात्रों की अंतिम रैंकिंग (AIR) दोनों सत्रों में उनके सर्वश्रेष्ठ स्कोर के आधार पर जारी की जाएगी। पेपर-2 (B.Arch/B.Planning) के नतीजे बाद में घोषित किए जाएंगे।
Also Read : झारखंड में बजट सत्र से पहले हलचल तेज, सीएम ने बुलाई सत्ताधारी विधायकों की अहम बैठक


