Jamshedpur : नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जमशेदपुर के परसुडीह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ड्रग पेडलर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कीताडीह रेलवे अस्पताल के पीछे छापेमारी कर आरोपी को पकड़ा, जिसके पास से 2.070 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेख यासीन उर्फ बब्बन (उम्र करीब 35 साल) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी गांजा की तस्करी और सप्लाई के धंधे से जुड़ा हुआ था और बरामद गांजा ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए ले जा रहा था।
परसुडीह थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रेलवे अस्पताल के आसपास एक युवक अवैध रूप से गांजा बेचने के इरादे से मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस को देखकर एक युवक फरार हो गया, जबकि शेख यासीन को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में शेख यासीन ने फरार युवक का नाम शेख अशफाक बताया है, जो जुगसलाई थाना क्षेत्र के महतो पाड़ा रोड का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसका नेटवर्क किन-किन इलाकों तक फैला हुआ है। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Also Read : जामताड़ा में समाजवादी नेता ने स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ दर्ज कराया मानहानि का मामला


