Jamshedpur : पोटका प्रखंड के हाता स्थित प्राचीन गुरुकुल आश्रम रामगढ़ में रविवार को 58वें पांचदिवसीय महायज्ञानुष्ठान, अखंड संकीर्तन एवं दशम विष्णु यज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ। आयोजन की शुरुआत कलश यात्रा के साथ की गई, जिसमें 1001 कुआंरी कन्याओं ने गाजे-बाजे के साथ भाग लिया।
रामगढ़ आश्रम, हाता से निकली कलश यात्रा जुलूस की शक्ल में चाईबासा रोड स्थित तिरिंग नदी पहुंची। वहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर कलश में जल भरा गया और उसे वापस लाकर मंदिर परिसर में विधिवत स्थापित किया गया। इसके बाद यज्ञ एवं हरिनाम संकीर्तन का विधिवत शुभारंभ हुआ, जो लगातार पांच दिनों तक चलेगा। यज्ञ का समापन 6 फरवरी को यज्ञोपवीत संस्कार, धुलट एवं संध्या में पूर्णाहुति के साथ होगा।
कलश यात्रा के दौरान हजारों की संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। इस अवसर पर पोटका विधायक संजीव सरदार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि जिला पार्षद सूरज मंडल, सविता सरदार, सोनामनी सरदार, पूर्व पार्षद चंद्रावती महतो, मुखिया सुकलाल सरदार सहित कई गणमान्य लोग विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
यज्ञ का औपचारिक उद्घाटन विधायक संजीव सरदार ने दीप प्रज्वलन कर तथा यज्ञ एवं हरि मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि रामगढ़ आश्रम हाता पूरे पोटका विधानसभा क्षेत्र का एक ऐतिहासिक और पवित्र तीर्थस्थल है, जिससे क्षेत्रवासियों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। उन्होंने बताया कि करीब 58 वर्ष पूर्व ब्रह्मलीन बाबा बालक दास जी ने ग्रामीणों के सहयोग से इस यज्ञ एवं हरिनाम संकीर्तन की शुरुआत की थी, जो आज एक विशाल धार्मिक आयोजन का रूप ले चुका है। विधायक ने आयोजन के सफल संचालन के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम में सांसद के निजी सचिव यशवंत महतो, प्रतिनिधि उपेंद्र नाथ सरदार, सुनील कुमार दे, सुनील महतो, सोमेन मंडल, गणेश सरदार, बबलू चौधरी, पोलटू मंडल, हितेश भगत सहित आयोजन समिति के अध्यक्ष सुधांशु शेखर मिश्र, दिलीप पंडा, किशोर नंद, अनिरुद्ध गोप, शिबु भट्टाचार्य, पंकज मंडल, राजेश मिश्रा, मधुसूदन भट्टाचार्य, हरमोहन गोप, कृष्णा गोप, समीर पाल, श्रीमंत पांडेय समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु उपस्थित थे।
Also Read : जमशेदपुर पुलिस ने ड्रग पेडलर को दबोचा, 2 किलो गांजा बरामद


