Johar Live Desk : ईरान और इज़राइल-अमेरिका के बीच युद्ध का आज सातवां दिन है। बीते छह दिनों में ईरान के कई हिस्सों में भयंकर तबाही और मौतें हुई हैं। शुक्रवार सुबह तेहरान के जोम्हूरी एवेन्यू और आसपास के रिहायशी इलाके, जिसमें जामी BRT स्टेशन भी शामिल है, में बमबारी हुई। सरकारी ब्रॉडकास्टर IRIB ने बताया कि एक घर पूरी तरह तबाह हो गया। सेंट्रल और ईस्टर्न तेहरान की सड़कें ज़्यादातर खाली थीं, क्योंकि लोग हमले से बचने के लिए घरों में छुप गए थे। इज़रायली सेना ने कहा कि उन्होंने सरकारी इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर हमले किए हैं।
ईरान का जवाब और अमेरिका की आलोचना
ईरान के उप विदेश मंत्री सईद खतीबजादा ने दिल्ली में आयोजित ‘रायसीना डायलॉग’ के दौरान अमेरिका की कड़ी आलोचना की और कहा कि ईरान के लिए यह एक अस्तित्व की लड़ाई है। उन्होंने अमेरिकी रडारों पर तंज कसते हुए पूछा कि क्या वे फारस की खाड़ी में “मछली पकड़ने” आए हैं। खतीबजादा ने यह भी स्पष्ट किया कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद नहीं किया गया है और ईरान एक जिम्मेदार शक्ति के रूप में काम कर रहा है। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधते हुए कहा कि जो व्यक्ति न्यूयॉर्क का मेयर नियुक्त नहीं कर सकता, वह ईरान का नेता तय करने की कोशिश कर रहा है।
अमेरिका की प्रतिक्रिया और रणनीति
अमेरिका ने ईरान के साथ जारी तनाव पर अपनी प्रतिक्रिया और रणनीति स्पष्ट की है। US प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान युद्ध के बावजूद अमेरिका में गैस की कीमतों को लेकर उन्हें कोई चिंता नहीं है। उन्होंने बताया कि जैसे ही युद्ध खत्म होगा, कीमतें तेजी से गिर जाएंगी। हालांकि, ईरान के साथ संघर्ष के कारण गैस की कीमतें पहले ही 20 सेंट प्रति गैलन यानी लगभग 7% बढ़ चुकी हैं। इसके अलावा, ट्रंप ने यह भी भरोसा दिलाया कि होर्मुज स्ट्रेट खुला रहेगा, क्योंकि ईरानी नेवी “समुद्र के नीचे” स्थित है और फिलहाल वहां गतिविधियों को सीमित रखा गया है।
US मिलिट्री कार्रवाई
शुक्रवार सुबह US मिलिट्री ने बताया कि एक ईरानी ड्रोन कैरियर पर हमला किया गया और उसमें आग लग गई। इस घटना का IRIS शाहिद बाघेरी का ब्लैक-एंड-व्हाइट फुटेज जारी किया गया, जिसमें कई हमले दिखाए गए हैं। सेंट्रल कमांड ने स्पष्ट किया कि अमेरिकी सेना पूरी ईरानी नेवी को डुबोने के मिशन से पीछे नहीं हटेगी और वह अपने लक्ष्यों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
रूस और वैश्विक चिंता
रूस ने यूरोप को चेताया कि अगर ईरान युद्ध जल्द खत्म नहीं होता है, तो गैस सप्लाई रोक दी जाएगी, जिससे वैश्विक ऊर्जा संकट और बढ़ सकता है।
भारत की प्रतिक्रिया
भारत ने ईरान के नेता खामेनेई के निधन पर शोक व्यक्त किया है। इसके अलावा, भारत के विदेश सचिव ने ईरानी राजदूत से मुलाकात कर मौजूदा स्थिति और तनावपूर्ण हालात पर चर्चा की, ताकि द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखी जा सके। जबकि डोनाल्ड ट्रंप ने साफ कहा कि खामेनेई के बाद ईरान का नया नेता चुनने में उनकी डायरेक्ट भूमिका रहेगी।
Also Read : पांच नाबालिग बच्चों की जिंदगी बर्बाद होने से बचा गया जामताड़ा आरपीएफ

