Johar Live Desk : दिसंबर की शुरुआत में बड़ी संख्या में फ्लाइट रद्द होने से प्रभावित यात्रियों को राहत मिलने वाली है। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन IndiGo अगले हफ्ते से मुआवजा वितरण शुरू करेगी। यह निर्णय नागरिक उड्डयन मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के बाद लिया गया है।
IndiGo 26 दिसंबर से उन यात्रियों को ₹10,000 के ट्रैवल वाउचर जारी करेगी, जो 3, 4 और 5 दिसंबर को फ्लाइट रद्द होने के कारण एयरपोर्ट पर लंबा समय फंसे रहे। यह वाउचर सरकार के नियमों के तहत मिलने वाले ₹5,000 से ₹10,000 के मुआवजे के अतिरिक्त होगा।
सबसे पहले मुआवजा उन यात्रियों को मिलेगा जिन्होंने IndiGo की आधिकारिक वेबसाइट से सीधे टिकट बुक किए थे। इसके बाद एयरलाइन ट्रैवल एजेंटों और ऑनलाइन ट्रैवल एजेंसियों (OTA) से डेटा लेकर अन्य यात्रियों को भी मुआवजा पहुंचाएगी।
DGCA और Air Seva पोर्टल पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे, ताकि सभी पात्र यात्रियों को समय पर मुआवजा मिल सके। OTA के जरिए बुकिंग करने वाले यात्रियों को अब तक कुछ रिफंड नहीं मिला है, जिसे जल्द पूरा किया जाएगा।
1 से 9 दिसंबर के बीच IndiGo ने कुल 4,354 फ्लाइट्स रद्द की थीं, जिनमें 3, 4 और 5 दिसंबर को 2,507 उड़ानें शामिल थीं। अनुमान है कि लगभग 3.8 लाख यात्रियों को वाउचर मिलेगा और कुल मुआवजा राशि ₹376 करोड़ से अधिक हो सकती है।


