Palamu : पलामू में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद बर्खास्त किए गए 251 अनुसेवकों का आंदोलन जारी है। बुधवार को बर्खास्त अनुसेवकों ने रैली निकाली, जो समाहरणालय परिसर तक पहुंची। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का फोटो रखकर उन्हें साक्षी मानते हुए हवन किया और सरकार से न्याय की मांग की।
अनुसेवकों का कहना है कि बर्खास्तगी से पहले उनसे न तो कोई स्पष्टीकरण मांगा गया और न ही उनकी बात सुनी गई। उनका दावा है कि उनके दस्तावेज सही हैं और सेवा के दौरान उनसे कोई गलती नहीं हुई है।
बर्खास्त अनुसेवकों ने आंदोलन के जरिए पांच सूत्री मांगें रखीं। इनमें दैनिक भोगी के रूप में वरीयता देना, उम्र सीमा में छूट देना, नई बहाली में सभी बर्खास्त अनुसेवकों का समायोजन करना और पुराने विज्ञापन की योग्यता शर्तों को ध्यान में रखना शामिल है।
आंदोलन में शामिल अनुसेवकों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे भिक्षाटन करते हुए रांची तक पैदल मार्च करेंगे। इस आंदोलन में पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी भी शामिल हुए और उन्होंने अनुसेवकों की मांगों को जायज बताया।
Also Read : अंतर्राष्ट्रीय निर्वाचन सम्मेलन की तैयारी तेज, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने शिक्षाविदों से की चर्चा


