Chaibasa : सारंडा वन के घने जंगलों में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। नक्सलियों द्वारा बिछाए गए प्रेशर आईईडी में धमाका होने से 209 कोबरा बटालियन के सहायक कमांडेंट अजय मलिक गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनी गई।
गुप्त सूचना पर निकली थी संयुक्त टीम
मिली जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा बलों को जंगल में नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी। इसी आधार पर कोबरा बटालियन और जिला पुलिस की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। टीम जैसे ही दुर्गम और घने इलाके से गुजर रही थी, तभी जमीन के नीचे प्लांट किया गया प्रेशर आईईडी अचानक फट गया।
धमाके के बाद इलाके की घेराबंदी
ब्लास्ट होते ही मौके पर मौजूद जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया गया। घटना की सूचना पुलिस मुख्यालय और जिले के वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद अतिरिक्त सुरक्षा बलों को भी मौके पर भेजा गया। फिलहाल इलाके में सघन तलाशी अभियान जारी है, ताकि किसी और छिपे हुए आईईडी या नक्सलियों की मौजूदगी का खतरा टाला जा सके।
घायल अधिकारी को एयरलिफ्ट करने की तैयारी
घायल सहायक कमांडेंट अजय मलिक को तुरंत घटनास्थल से सुरक्षित बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार दिया गया। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। बेहतर इलाज के लिए उन्हें एयरलिफ्ट कर रांची भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। रांची के खेलगांव स्थित हेलीपैड पर एम्बुलेंस और डॉक्टरों की टीम को अलर्ट पर रखा गया है। वहां से उन्हें सीधे अस्पताल ले जाया जाएगा, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज होगा।
Also Read : रांची से लापता हुए चार बच्चे मिले, सुखदेवनगर पुलिस ने सही सलामत खोज निकाला


