Pakur : पाकुड़ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। घटना महेशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बलियाडंगाल का है, इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान गोपीकांदर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव निवासी प्रवीण हेंब्रम के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बालू लदे ट्रैक्टर से आमने-सामने की टक्कर
बताया जा रहा है कि तीनों युवक बाइक से महेशपुर गए थे और बीती देर रात अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बलियाडंगाल चौक के पास बालू लदे एक ट्रैक्टर से उनकी बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। घटनास्थल पर लोगों ने जानकारी देते हुए बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। प्रवीण हेंब्रम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए।
दो युवक गंभीर, अस्पताल में भर्ती
हादसे में सलमेश हेंब्रम गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जबकि तीसरे युवक की पहचान नहीं हो सकी थी। दोनों घायलों को प्राथमिक इलाज के लिए महेशपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
ग्रामीणों में आक्रोश, सुरक्षा पर उठे सवाल
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क पर बालू लदे ट्रैक्टरों की आवाजाही काफी बढ़ गई है। रात के समय तेज रफ्तार और लापरवाही की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही महेशपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से साफ कहा है कि अब सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाए जाएं। उनका कहना है कि सिर्फ आश्वासन से काम नहीं चलेगा, बल्कि जमीन पर सख्ती दिखनी चाहिए। परिवहन विभाग समय-समय पर वाहन जांच अभियान चलाता है और चालकों को ट्रैफिक नियम मानने की हिदायत भी देता है। गांवों में जागरूकता शिविर लगाकर लोगों को सड़क सुरक्षा के बारे में समझाया भी जाता है। इन सबके बावजूद तेज रफ्तार और लापरवाही पर पूरी तरह रोक नहीं लग पा रही है। ग्रामीणों की मांग है कि नियमित जांच, स्पीड कंट्रोल और पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि ऐसे हादसों पर लगाम लग सके।
Also Read : धनबाद में बिजली दरों के खिलाफ जोरदार विरोध

