Johar Live Desk : ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। पारादीप शहर के बाहरी इलाके तारिणी गडा में एक युवती की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने जांच के बाद खुलासा किया कि युवती के साथ पहले दरिंदगी कर फिर उसे चार मंजिला बिल्डिंग की छत से धक्का देकर मार दिया गया।
आरोपियों की गिरफ्तारी
एसपी अंकित वर्मा ने मीडिया को बताया कि अभयचंदपुर थाना क्षेत्र के ढिंकिया निवासी 31 वर्षीय सोमनाथ ओझा और झारखंड के 24 वर्षीय शुभम कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया है। उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (BNS) की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को 23 फरवरी को हिरासत में लिया गया और 27 फरवरी को उन्हें कोर्ट में पेश करके न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया।
घटना का पूरा घटनाक्रम
एसपी अंकित वर्मा ने बताया कि मृतक युवती लंबे समय से सोमनाथ ओझा के साथ रिलेशनशिप में थी। 22 फरवरी को उसने परिवार को यह कहकर घर छोड़ा कि वह सरला मंदिर जा रही है, लेकिन वह सीधे सोमनाथ से मिलने चली गई। उसने उससे जल्द शादी करने की बात की, लेकिन सोमनाथ ने टाल-मटोल की। इसके बाद सोमनाथ ने युवती से शारीरिक संबंध बनाए और उसे रहमा बाजार में बेसहारा छोड़ दिया। वहीं, शुभम कुमार सिंह ने उस समय उसकी मदद करने के बजाय उसे अपनी बाइक पर बैठाया और पारादीप ले गया। पुलिस के अनुसार, पारादीप में शुभम ने युवती के साथ रात में कई बार दुष्कर्म किया और फिर बिल्डिंग की चौथी मंजिल से धक्का देकर उसे मार डाला। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गए। मृतका की लाश 23 फरवरी की सुबह मिली।
राजनीतिक प्रतिक्रियाएं
इस भयावह घटना के बाद, पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेडी अध्यक्ष नवीन पटनायक ने घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि नाबालिग लड़कियों से लेकर असहाय युवतियां भी सुरक्षित नहीं हैं। पटनायक ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि दिन के उजाले में भी डर का माहौल है और सरकार महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर केवल भाषण देती है। उनका कहना है कि बार-बार ऐसी निंदनीय घटनाएं होने के बावजूद सरकार कोई कड़ा कदम नहीं उठाती, जिससे अपराधियों का साहस बढ़ता है।
Also Read : पाकुड़ में भीषण सड़क हादसा, एक युवक की मौ’त, दो गंभीर


