Ranchi : झारखंड में शराब घोटाले को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अब खुद को बचाने के लिए किसी सरकारी अधिकारी को बलि देने की योजना बना रहे हैं। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सरकार पर जितने भी घोटाले सामने आए हैं, उससे लग रहा है कि अधिकारियों की संख्या इनकी गलती छुपाने के लिए कम पड़ जाएगी।
मरांडी ने बताया कि शराब घोटाले में पहले 38 करोड़, फिर 70 करोड़ और अब 136 करोड़ रुपये का नुकसान सामने आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार ने शराब आपूर्ति का काम बिना किसी एग्रीमेंट और टेंडर के एक निर्धारित कंपनी को दे दिया। नियम के अनुसार, JSBCL के साथ एग्रीमेंट करना जरूरी था, लेकिन सरकार ने इसे नजरअंदाज किया।
ACB की जांच के अनुसार, इस कंपनी ने राज्य सरकार को 136 करोड़ का नुकसान पहुंचाया। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि इतनी बड़ी लूट के पीछे असली जिम्मेदारों तक जांच पहुँचनी चाहिए और इसके लिए केंद्र की एजेंसियों द्वारा स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की आवश्यकता है। मरांडी ने कहा कि इस सरकार का मंत्र सिर्फ “जितना और जहाँ हो सके लूट लो” बन गया है, और करोड़ों की कमाई के लिए उन्हें जेल जाने की भी परवाह नहीं है।


