Garhwa : झालसा रांची के निर्देश और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार गढ़वा मनोज प्रसाद के आदेशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) गढ़वा ने विश्व मानवाधिकार दिवस पर विभिन्न स्थानों पर विधिक जागरूकता अभियान का आयोजन किया। मुख्य कार्यक्रम राम साहू मुख्यमंत्री उत्कृष्ट उच्च विद्यालय में आयोजित हुआ, जिसमें छात्रों और आम नागरिकों को उनके मौलिक अधिकारों तथा कानूनी सहायता योजनाओं की जानकारी दी गई।
मानवाधिकारों पर दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
10 दिसंबर को आयोजित यह कार्यक्रम संयुक्त राष्ट्र द्वारा 1948 में अपनाई गई मानवाधिकारों की सार्वभौम घोषणा को याद करते हुए मनाया गया। कार्यक्रम में एलएडीसी डिप्टी चीफ नित्यानंद दुबे ने छात्रों को जीवन, स्वतंत्रता, समानता, शिक्षा और शोषण से मुक्ति जैसे मूल मानवाधिकारों के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। छात्रों की जिज्ञासाओं के समाधान के लिए प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया।

एलएडीसी विजय कुमार ने छात्रों को NALSA, JHALSA तथा अन्य कानूनी सहायता योजनाओं की जानकारी दी और बताया कि निःशुल्क कानूनी सहायता कैसे प्राप्त की जा सकती है। पीएलबी रवींद्रनाथ पाठक एवं अरविंद तिवारी ने भी मानवाधिकारों पर छात्र–छात्राओं को जागरूक किया।
अन्य स्थानों पर भी जागरूकता कार्यक्रम
जिले में अन्य स्थानों पर भी मानवाधिकार दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। डुमरिया उच्च विद्यालय, गढ़वा थाना क्षेत्र में एलएडीसी प्रविंद कुमार साहू ने जागरूकता अभियान चलाया। गढ़वा अस्पताल में डिप्टी चीफ अनिता रंजन के नेतृत्व में मानवाधिकारों से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
Also Read : बाबूलाल मरांडी का आरोप: हेमंत सरकार खुद बचने के लिए अधिकारियों को बलि दे रही है


