बिहार : जमुई पुलिस व एसएसबी की कार्रवाई में पकड़ा गया हार्डकोर नक्सली सुनील मरांडी, गिरिडीह में भी था सक्रिय

जमुई। जमुई पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई में हार्डकोर नक्सली सुनील मरांडी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। गिरफ्तार सुनील झारखंड के गिरिडीह जिला में भी सक्रिय था। सुनील मरांडी से बिहार पुलिस गुप्त स्थान पर पूछताछ कर रही है। बताया जाता है कि सुनील मरांडी का संगठन में एरिया कमांडर के तौर पर रैंक था। हालांकि, पुलिस पूरे मामले का खुलासा प्रेसवार्ता में करेगी।

पुलिस सूत्रों की माने तो सुनील मरांडी गिरिडीह के भेलवाघाटी और बिहार के जमुई के चरकापत्थर इलाके का एरिया कमांडर भी है। सुनील मरांडी जमुई के चरकापत्थर थाना के टोलापहाड़ गांव का रहने वाला है।सुनील मरांडी पर अर्जुन हेंब्रम और चतुर हेंब्रम की हत्या का आरोप है। दोनों पिता-पुत्र थे। साल 2019 में दोनों की हत्या को अंजाम दिया था। बताया जा रहा कि सुनील मरांडी का अपना दस्ता था। अपने दस्ते के साथ ही यह दोनों जिलों के इलाके में कमांड भी रखता था। सुनील मरांडी दोनों जिलों के ठेकेदारों से लेवी भी वसूलता था। दोनों ही जिलों की पुलिस को सुनील मरांडी की तलाश थी।