Garhwa : गढ़वा में सोमवार यानि की आज नवपदस्थापित SP आशुतोष शेखर (भा.पु.से.) की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित SP कार्यालय के सभागार कक्ष में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर दिया गया।
अपराधियों पर नकेल कसने के निर्देश
बैठक की शुरुआत में SP ने साफ कहा कि जिले में अपराधियों पर सख्त कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि कानून व्यवस्था को हर हाल में दुरुस्त रखा जाए और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए।
लंबित मामलों के निपटारे पर जोर
SP ने पॉक्सो से जुड़े लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से निपटाने के निर्देश दिए। साथ ही एससी/एसटी मामलों की जांच में विशेष ध्यान देने को कहा गया।
नक्सल गतिविधियों पर कड़ी निगरानी
जमानत पर बाहर आए नक्सलियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही नियमित अंतराल पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाने को भी कहा गया।
जांच और अनुसंधान में तेजी लाने के आदेश
बैठक में पिछले महीने दर्ज मामलों की समीक्षा की गई और अनुसंधान में तेजी लाने पर जोर दिया गया। कोर्ट से जुड़े मामलों के समयबद्ध निष्पादन के भी निर्देश दिए गए।
थाना स्तर पर नियमित समीक्षा बैठक
SP ने कहा कि सभी थाना स्तर पर लंबित मामलों की समीक्षा के लिए प्रतिदिन अनुसंधानकर्ताओं के साथ बैठक की जाए ताकि जांच में कोई ढिलाई न रहे। बैठक में चोरी, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस, साइबर क्राइम, आईटी एक्ट, पासपोर्ट व चरित्र सत्यापन, वारंट और कुर्की निष्पादन जैसे मामलों को तेजी से निपटाने का निर्देश दिया गया। SP ने सभी थाना प्रभारियों को E-साक्ष्य पोर्टल पर कांडों की एंट्री सुनिश्चित करने का निर्देश दिया ताकि जांच प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और तेज हो सके।
बैठक के अंत में SP ने स्पष्ट किया कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सभी को जिम्मेदारी से काम करना होगा।
Also Read : चतरा में अनियंत्रित वाहन का आतंक, बाउंड्री तोड़ घर में घुसा हाईवा


