Chatra : चतरा जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र में बीती देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गिद्धौर-चतरा मेन रोड स्थित ऊपर टोला में एक अनियंत्रित हाईवा सीधे एक घर की बाउंड्री तोड़ते हुए अंदर घुस गया।
बाउंड्री तोड़ बरामदे तक पहुंचा वाहन
बताया जा रहा है कि कटकमसांडी से टंडवा की ओर जा रहा तेज रफ्तार हाईवा अचानक नियंत्रण खो बैठा। पहले उसने घर की बाउंड्री वॉल को तोड़ा, फिर रास्ते में लगे अशोक के पेड़ को उखाड़ते हुए सीधे घर के बरामदे तक पहुंच गया। हादसा इतना जोरदार था कि पास में खड़ी टीवीएस लूना बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और घर की दीवारों को भी भारी नुकसान हुआ।
सोता परिवार बाल-बाल बचा
यह घर पूर्व जिला परिषद सदस्य के पुत्र राजेश कुशवाहा का बताया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि उस समय पूरा परिवार घर के अंदर सो रहा था और सभी इस हादसे में बाल-बाल बच गए। अगर हादसा कुछ और गंभीर होता तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
मुआवजे की उठी मांग
घटना के बाद परिवार और आसपास के लोग मौके पर जुट गए। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से घर और अन्य सामान को हुए नुकसान के लिए उचित मुआवजे की मांग की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। साथ ही क्षतिग्रस्त हाईवा को कब्जे में लेने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
ग्रामीणों में आक्रोश
घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि रिहायशी इलाकों से गुजरने वाले भारी वाहन तेज रफ्तार में चलते हैं, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से इस सड़क पर वाहनों की गति नियंत्रित करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Also Read : बोकारो में नेताओं पर 42.5 लाख बकाया, यूनियन नेता ने दो क्वार्टर तोड़कर बनाया भवन

