Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले में साइबर अपराधियों ने जीवन प्रमाण पत्र अपडेट कराने के नाम पर 16 लाख 92 हजार रुपये की ठगी की। पुलिस ने इस मामले में आरोपी मो. सकीर अंसारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी देवघर जिले के रघुनाथपुर का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने चाईबासा के भोपाल थाना क्षेत्र के कालाजोड़ी गांव निवासी परमेश्वर पुरती को ठगी का शिकार बनाया। मुफ्फसिल थाना में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने विशेष छापामारी टीम गठित की। टीम ने साइबर टोल फ्री नंबर 1930 की मदद से विवादित अकाउंट की पहचान की और तकनीकी साक्ष्य व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सकीर अंसारी को पकड़ा। आरोपी के पास से कांड में प्रयुक्त मोबाइल भी बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने ठगी में अपनी संलिप्ता स्वीकार की है और अन्य साइबर अपराधियों के बारे में भी जानकारी दी। मो. सकीर अंसारी पहले भी साइबर अपराध में जेल जा चुका है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी अंजान व्यक्ति के कॉल पर अपना निजी डाटा न साझा करें और किसी के झांसे में आकर बैंक अकाउंट या एटीएम इस्तेमाल करने की अनुमति न दें। विशेष छापामारी टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, अभियान शाखा और तकनीकी शाखा के अधिकारी शामिल थे।


