Ranchi : रांची में विदेशी ड्रग्स मिलने से हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक झारखंड की राजधानी में नीदरलैंड से लाई गई एलएसडी (LSD) ड्रग्स की बिक्री की जा रही थी। इस खुलासे के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल तेज हो गई है।
3 से 4 करोड़ रुपए की बताई जा रही कीमत
सूत्रों के अनुसार बरामद ड्रग्स की कीमत करीब 3 से 4 करोड़ रुपए आंकी जा रही है। बताया जा रहा है कि एलएसडी काफी महंगी ड्रग होती है। इसके एक माइक्रो डॉट की कीमत लाख रुपए से भी ज्यादा बताई जा रही।
कुरियर के जरिए मंगाई जा रही थी खेप
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि इस ड्रग्स की खेप कुरियर के माध्यम से रांची मंगवाई जा रही थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसकी जड़ें कहां तक फैली हैं।
पंडरा ओपी में हुई कार्रवाई
मामला सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के पंडरा ओपी का बताया जा रहा है। यहीं पुलिस ने छापेमारी कर एलएसडी को अपने कब्जे में लिया। इस कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ जारी है और कई अहम खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।
LSD की बरामदगी
बताया जा रहा है कि रांची में पहली बार एलएसडी जैसी खतरनाक और महंगी ड्रग पुलिस के हाथ लगी है। इस मामले ने साफ कर दिया है कि अब ड्रग्स का नेटवर्क छोटे शहरों तक भी पहुंच चुका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Also Read : गिरिडीह के जंगल में मजदूर को मा’री गो’ली, पुलिस जुटी जांच में


