Bihar : बिहार की राजनीति में हलचल के बीच पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को देशरत्न मार्ग स्थित सरकारी आवास पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। यह मुलाकात करीब 20 मिनट तक चली, जिसमें राज्य और देश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति के साथ सरकार के कामकाज पर चर्चा हुई।
पहली बार आमने-सामने
15 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद यह पहला मौका था जब सम्राट चौधरी और नीतीश कुमार आमने-सामने मिले। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र यादव से भी बातचीत हुई। मुख्यमंत्री आवास पर हुई इस मुलाकात की तस्वीरें सम्राट चौधरी ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर साझा कीं। तस्वीरों में नीतीश कुमार काफी सहज और प्रसन्न नजर आए। उन्होंने सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ रखकर आत्मीयता भी दिखाई।

‘मार्गदर्शन’ का संदेश
सम्राट चौधरी ने पोस्ट में लिखा कि उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री से मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस मुलाकात को सियासी संकेत के तौर पर भी देखा जा रहा है, जहां दोनों नेताओं के बीच सौहार्द्र की झलक दिखी।
शराबबंदी पर सख्ती जारी
मुलाकात के दौरान राज्य की शराबबंदी नीति भी चर्चा में रही। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने साफ कहा कि बिहार में शराबबंदी कानून सख्ती से जारी रहेगा। उन्होंने इसे नीतीश कुमार की सोच का हिस्सा बताया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस पहल की सराहना कर चुके हैं।
विवाद भी जारी
इधर, मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह लगातार शराबबंदी खत्म करने की मांग उठा रहे हैं। उनका कहना है कि प्रतिबंध के बावजूद लोग शराब पी रहे हैं और इससे खतरनाक नशे की ओर झुकाव बढ़ रहा है। इस मुद्दे पर कई अन्य नेताओं ने भी सवाल उठाए हैं, जिससे बहस और तेज हो गई है।
Also Read : धनबाद-रांची सड़क पर गैस रिसाव, DALSA टीम ने किया दौरा, लोगों को दी चेतावनी

