Ranchi : राजधानी के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में ‘अग्निशमन सेवा सप्ताह’ की शुरुआत हुई। इस मौके पर सीएम हेमंत सोरेन से गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवा के डीजी एमएस भाटिया ने मुलाकात की और उन्हें बैज लगाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सीएम हेमंत सोरेन ने अग्निशमन सेवा सप्ताह की शुभकामनाएं देते हुए विभाग के काम की सराहना की। उन्होंने कहा कि आग जैसी आपदाओं के समय फायर ब्रिगेड के जवान बिना अपनी जान की परवाह किए लोगों की सुरक्षा में जुट जाते हैं। उनका यह समर्पण समाज के लिए प्रेरणा है।

जागरूकता ही बचाव का सबसे बड़ा तरीका
सीएम ने कहा कि इस सप्ताह का मकसद सिर्फ कार्यक्रम करना नहीं, बल्कि लोगों को आग से बचाव के प्रति जागरूक करना है। अगर लोग पहले से सतर्क रहें और जरूरी सावधानियां अपनाएं, तो कई बड़े हादसे टाले जा सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गांव से लेकर शहर तक जागरूकता अभियान चलाया जाए।

सरकार संसाधन बढ़ाने पर दे रही जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अग्निशमन विभाग को और मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। आधुनिक उपकरण, बेहतर प्रशिक्षण और पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि आपदा के समय तेजी से राहत और बचाव कार्य हो सके।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अग्निशमन सेवा के जवानों के साहस और समर्पण को नमन किया। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में ये जवान ही सबसे पहले लोगों की मदद के लिए पहुंचते हैं, इसलिए समाज को भी उनके प्रति सम्मान और सहयोग की भावना रखनी चाहिए।

Also Read : बाबा साहेब की 135वीं जयंती : रांची में राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि

