Kolkata : आनंदलोक अस्पताल में मंगलवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह घटना अस्पताल की दूसरी मंजिल पर हुई, जहां देखते ही देखते घना काला धुआं फैल गया। हालात ऐसे हो गए कि अस्पताल में भर्ती करीब 70 मरीजों को तुरंत बाहर निकालना पड़ा।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग एयर कंडीशनिंग यूनिट में शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी हो सकती है। आग लगते ही कई वार्डों में तेजी से धुआं भर गया, जिससे मरीजों और स्टाफ में घबराहट फैल गई।
मरीजों को सड़क पर बैठाकर बचाई गई जान
स्थिति बिगड़ते देख अस्पताल प्रशासन और इमरजेंसी टीम तुरंत हरकत में आई। मरीजों को जल्दी-जल्दी बाहर निकाला गया। कुछ मरीजों को अस्पताल के बाहर सड़क पर बैठाकर ही रखा गया, जबकि वे सलाइन और मेडिकल सपोर्ट से जुड़े हुए थे। प्राथमिकता सिर्फ एक थी- सबकी जान सुरक्षित रहे।
लिफ्ट बंद, दूसरी बिल्डिंग में शिफ्ट किए गए मरीज
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल की लिफ्ट तुरंत बंद कर दी गईं। मरीजों को सीढ़ियों के जरिए बाहर निकाला गया और पास के DL ब्लॉक स्थित अस्पताल की दूसरी शाखा में शिफ्ट किया गया। घटना के समय अस्पताल में 70 मरीज भर्ती थे और दिनभर में 15 सर्जरी होनी थीं। आग तब लगी जब छठी सर्जरी चल रही थी। हालात गंभीर हो सकते थे, लेकिन समय पर कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
दमकल की तेजी से मिली राहत
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और दो इंजन लगाकर आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकलकर्मियों ने खिड़कियां तोड़कर धुआं बाहर निकाला और जल्द ही आग पर काबू पा लिया।
सभी मरीज सुरक्षित, प्रशासन ने ली राहत की सांस
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, सभी मरीज सुरक्षित हैं। आग लगने के शुरुआती कुछ मिनटों में ही 15-20 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था, जिससे हालात बिगड़ने से पहले ही नियंत्रण पा लिया गया।
Also Read : गठबंधन धागा टूटते ही बैद्यनाथ धाम में बढ़ी श्रद्धालुओं की भीड़


