पश्चिम बंगाल में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राज्य सरकार ने भर्ती को लेकर बड़ा ऐलान किया है. मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कैबिनेट बैठक के बाद बताया कि विभिन्न विभागों में 1,199 नए पदों के सृजन को मंजूरी दी गई है. इन पदों पर निर्धारित प्रक्रिया और परीक्षाओं के माध्यम से नियुक्तियां की जाएंगी. सरकार जल्द ही भर्ती के लिए विज्ञापन जारी करने की तैयारी में है.
मुख्यमंत्री के मुताबिक, इससे पहले हुई कैबिनेट बैठक में करीब 45 हजार पदों पर भर्ती को मंजूरी दी गई थी. अलग-अलग कैबिनेट बैठकों में अब तक करीब 60 हजार पदों पर नियुक्ति की सिफारिश की जा चुकी है. उन्होंने कहा कि नियुक्तियां मेरिट के आधार पर की जाएंगी और संबंधित भर्ती एजेंसियों के जरिए प्रक्रिया पूरी होगी.
राज्य सरकार के अनुसार, नए स्वीकृत पदों में पशु संसाधन विकास, शहरी विकास, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, अग्निशमन सेवाओं और गृह एवं पर्वतीय मामलों से जुड़े विभाग शामिल हैं. इन पदों पर भर्ती संबंधित नियमों के तहत की जाएगी.
पिछली बैठक में 45,185 पदों पर भर्ती को मिली थी मंजूरी
इससे पहले 14 अक्टूबर को हुई कैबिनेट बैठक में पश्चिम बंगाल सरकार ने विभिन्न विभागों में 45,185 पदों पर भर्ती की मंजूरी दी थी. इनमें सबसे अधिक पद स्कूल शिक्षा विभाग के लिए स्वीकृत किए गए थे.
घोषित विभागवार आंकड़ों के मुताबिक:
- स्कूल शिक्षा विभाग: 33,199 पद.
- पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग: 7,119 पद.
- पुलिस विभाग: 996 पद.
- तकनीकी शिक्षा, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग: 1,861 पद.
इन आंकड़ों में स्कूलों में शिक्षकों के साथ प्रधानाध्यापक और प्रधानाध्यापिका के पद भी शामिल हैं. पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में भी बड़ी संख्या में नियुक्तियां प्रस्तावित हैं. पुलिस और तकनीकी शिक्षा विभाग में विभिन्न श्रेणियों के पदों को भरने की योजना है.


