Ramgarh : जिले के सिदो-कान्हू मैदान में आयोजित जिला स्तरीय कृषि एवं पशुपालन मेला-सह-प्रदर्शनी में किसानों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। जिला कृषि कार्यालय और आत्मा कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेले में कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। जिले भर से बड़ी संख्या में किसान पहुंचे और नई तकनीकों से जुड़ी जानकारी हासिल की।
स्टॉल पर दिखी मॉडर्न खेती की झलक
मेले में अलग-अलग विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल किसानों के लिए खास आकर्षण रहे। यहां आधुनिक खेती के तरीके, नए कृषि उपकरण और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। किसानों ने इन स्टॉलों पर जाकर नई तकनीकों को करीब से समझा।
फसलों की प्रदर्शनी ने खींचा ध्यान
मेले की सबसे खास बात सब्जियों, फलों और अन्य कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी रही। टमाटर, ब्रोकली, मिर्च, आलू, सरसों, मशरूम, गेंदा, गुलाब, स्ट्रॉबेरी, पपीता और अमरूद जैसी ताजा फसलों ने लोगों का ध्यान खींचा। यह प्रतियोगिता किसानों के लिए अपनी मेहनत दिखाने का बड़ा मंच बनी।

किसानों को मिला सम्मान और संसाधन
मेले में बेहतर प्रदर्शन करने वाले करीब 50-60 किसानों को सम्मानित किया गया। साथ ही किसानों को ट्रैक्टर, सोलर सिस्टम, पंप सेट, बीज, पशुपालकों को गाय, बकरी और मुर्गी जैसे संसाधन भी वितरित किए गए। मत्स्य मित्रों को बाइक भी दी गई।
‘किसानों को आत्मनिर्भर बनाना लक्ष्य’
कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि कृषि विभाग की 80 से अधिक योजनाएं चल रही हैं, जिनका लाभ उठाकर किसान अपनी स्थिति बेहतर कर सकते हैं।
वैज्ञानिकों ने दी आधुनिक खेती की जानकारी
मेले में आयोजित कृषक गोष्ठी में वैज्ञानिकों ने उन्नत बीज, आधुनिक कृषि यंत्र, सिंचाई तकनीक और जैविक खेती के बारे में विस्तार से जानकारी दी। किसानों को बताया गया कि नई तकनीकों से उत्पादन बढ़ाया जा सकता है और लागत भी कम की जा सकती है।
Also Read : चतरा में होमगार्ड बहाली की तारीख बदली, अब 1 अप्रैल से शुरू होगी परीक्षा


