पटना : बिहार विधान परिषद की 8 सीटों के लिए शुक्रवार यानि की आज सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो गया. मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. इस बीच पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से JDU प्रत्याशी नीरज कुमार वोटिंग के दिन विक्ट्री साइन दिखाते हुए नजर आए. सुबह-सुबह मोकामा रवाना होने से पहले उन्होंने मीडिया के सामने जीत का संकेत दिया.
हालाँकि सोमवार को ही एमएलसी प्रत्याशी को हार्ट से जुड़ी परेशानी हुई थी. इसके बाद उन्हें मेदांता अस्पताल के आईसीयू में एडमिट कराया गया था. इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई. उन्होंने बताया था कि अब वह पूरी तरह ठीक हैं. उनके आवास पर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उमेश कुशवाहा समेत कई नेताओं ने पहुंचकर मुलाकात की थी.
दूसरी ओर, नीरज कुमार का विरोध कर रहे अनंत सिंह ने भी चुनाव को लेकर बयान दिया. मीडिया ने जब उनसे पूछा कि क्या वह रसगुल्ले बनवा रहे हैं, तो अनंत सिंह ने कहा कि यह रसगुल्ले वाला चुनाव नहीं है. अलग-अलग इलाकों के लोग मतदान कर रहे हैं और सभी जगह रसगुल्ले पहुंचाने में काफी खर्च हो जाएगा. इस दौरान अनंत सिंह ने नीतीश कुमार को अपना गुरु बताया. उन्होंने कहा कि जनता मालिक है और उनकी जीत होगी.
नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच प्रचार के दौरान आरोप-प्रत्यारोप
MLC चुनाव के प्रचार के दौरान नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच विवाद भी चर्चा में रहा. अनंत सिंह लगातार नीरज कुमार का विरोध करते रहे. वह जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में लोगों से वोट देने की अपील करते नजर आए. अब मतदान के बाद सबकी नजर चुनाव परिणाम पर रहेगी.
पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से BJP प्रत्याशी नवल किशोर यादव की पत्नी ने भी शुक्रवार सुबह मतदान किया. वोट डालने के बाद उन्होंने अपने पति की जीत का दावा किया. बिहार विधान परिषद की 8 सीटों के लिए कुल 150 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं. मतदान के बीच प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की नजरें चुनावी नतीजों पर टिकी हैं.





