रांची/खूंटी : आरसी बालक मध्य विद्यालय के फादर बेनेदिक बारला उर्फ फादर बेनी पर बीते दिन हुए हमले मामले में खूंटी पुलिस खुलासा के करीब है. एसपी ऋषभ गर्ग के आदेश पर गठित टीम करीब दो दर्जन से ज्यादा लोगों से पूछताछ कर रही है. पुलिस ने कॉल डंप और सीडीआर व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावर को चिन्हित कर लिया है. सभी को गुप्त स्थान पर रखकर पूछताछ की जा रही है.
सूत्रों से पता चला है कि पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई है कि पुराने विवाद में फादर बेनी पर हमला हुआ है. इस प्रकरण में खूंटी पुलिस जल्द पूरे मामले का खुलासा करेगी, ताकि अपराधियों का चेहरा सबके सामने आ सकें.
इधर, फादर बेनेदिक बारला का इलाज पल्स अस्पताल में चल रहा है. डॉक्टर की टीम लगातार फादर के इलाज में जुटी है.
मालूम हो कि खूंटी थाना क्षेत्र स्थित आरसी बालक मध्य विद्यालय में अज्ञात हमलावरों ने स्कूल के फादर बेनेदिक बारला उर्फ फादर बेनी पर जानलेवा हमला कर दिया था. घटना के बाद स्कूल परिसर और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई थी. घायल फादर को पहले खूंटी सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित पल्स रेफर कर दिया गया था.
Also Read : खूंटी बंद: फादर बेनेदिक बारला पर हमले के विरोध में भगत सिंह चौक पर सड़क जाम, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

