रांची: छठ महापर्व और काली पूजा की तैयारियों को लेकर पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने गुरुवार को रांची नगर निगम के नगर आयुक्त से मुलाकात की. इस दौरान छठ घाटों की सफाई, बिजली व्यवस्था, कृत्रिम घाटों के निर्माण और अन्य जरूरी सुविधाओं पर चर्चा हुई. नगर आयुक्त ने आवश्यकतानुसार सहयोग का आश्वासन दिया.
बैठक के दौरान प्रतिनिधियों ने दुर्गा पूजा के सफल आयोजन के लिए नगर निगम की तैयारियों की सराहना की. उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष छठ घाटों की तैयारी और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निगम ने सराहनीय काम किया था. इस वर्ष भी छठ महापर्व के दौरान इसी तरह के सहयोग की अपेक्षा जताई.
कृत्रिम घाटों के लिए जेसीबी और वाटर टैंकर की मांग
पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने काली पूजा से पहले कुछ स्थानों पर स्टोन डस्ट उपलब्ध कराने का अनुरोध किया. इसके अलावा छठ घाटों की समुचित सफाई और बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की. प्रतिनिधियों ने बताया कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए कुछ स्थानों पर कृत्रिम छठ घाट बनाए जाते हैं. इसके लिए जेसीबी मशीन और वाटर टैंकर की जरूरत होगी.
नगर आयुक्त ने आश्वासन दिया कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक की जाएगी.
समन्वय बैठक में तय होंगी व्यवस्थाएं
प्रस्तावित बैठक में विभिन्न छठ घाटों की जरूरतों, सफाई, बिजली व्यवस्था, कृत्रिम घाटों के निर्माण और अन्य समस्याओं पर विस्तार से चर्चा होगी. नगर निगम के अनुसार, बैठक में समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
रांची नगर निगम ने छठ महापर्व को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई है.
Also Read : सारथी योजना पर सवाल उठाने से पहले भाजपा बताए, हर साल दो करोड़ रोजगार देने के वादे का क्या हुआ : विनोद पांडेय


