Bijapur : छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग अंतर्गत बीजापुर जिले के फरसेगढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह से सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। जिले के उत्तर-पश्चिमी इलाके के जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सर्च अभियान के दौरान सुरक्षाबलों का नक्सलियों से आमना-सामना हो गया। इसके बाद दोनों ओर से रुक-रुक कर फायरिंग होने लगी। अब तक की जानकारी में दो नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। मारे गये नक्सलियों में टॉप नक्सली कमांडर पापा राव शामिल है। मौके से दो एके-47 राइफल भी बरामद की गई हैं। हिड़वा के बाद पापा राव की मौत को नक्सल विरोधी अभियान में अहम कामयाबी माना जा रहा है। इस कार्रवाई में एक अन्य नक्सली भी ढेर हुआ है।
बीजापुर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सली कमांडर पापा राव की मौजूदगी की सूचना के बाद इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुठभेड़ शुरू हुई। अधिकारियों के मुताबिक ऑपरेशन अभी जारी है, इसलिए मुठभेड़ स्थल, ऑपरेशन में शामिल सुरक्षाबलों की संख्या और अन्य संवेदनशील जानकारियां फिलहाल साझा नहीं की जा रही हैं, ताकि अभियान में लगे जवानों की सुरक्षा बनी रहे। पुलिस ने बताया कि पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। अभियान समाप्त होने के बाद मुठभेड़ से जुड़ी विस्तृत जानकारी आधिकारिक तौर पर जारी की जाएगी।
Also Read : मशहूर सिंगर बी प्राक को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम मिली जान से मारने की धमकी, मांगी 10 करोड़ की रंगदारी


