Chaibasa : चाईबासा जिले के सारंडा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान सुरक्षाबलों और उग्रवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में कोबरा बटालियन के हवलदार विक्रम यादव घायल हो गए। उन्हें गोली लगने के बाद एयर लिफ्ट कर रांची भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबल सारंडा क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। इसी दौरान जंगल के भीतर छिपे नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाला। दोनों ओर से हुई गोलीबारी के बीच हवलदार विक्रम यादव को गोली लग गई। साथियों ने उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रवाना किया।
आईईडी विस्फोट में अधिकारी घायल
मुठभेड़ से पहले इसी ऑपरेशन के दौरान आईईडी विस्फोट भी हुआ था। इस धमाके में कोबरा बटालियन के सहायक कमांडेंट अजय मल्लिक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें भी तत्काल रांची भेजा गया। दोनों घायलों का इलाज चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा है।
15 दिनों में तीसरी बड़ी वारदात
सारंडा क्षेत्र में पिछले पंद्रह दिनों के भीतर यह तीसरी बड़ी घटना है। हाल के दिनों में सुरक्षाबलों की सख्त कार्रवाई के बाद नक्सलियों ने जंगल के अंदर कई स्थानों पर आईईडी लगा दिए हैं। इससे पहले हुए विस्फोटों में एक ग्रामीण की मौत हो चुकी है, जबकि एक अन्य घायल हुआ था।
अभियान जारी, बढ़ाई गई चौकसी
घटनाओं के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में अभियान और तेज कर दिया है। बम निरोधक दस्ता भी सक्रिय है और जंगल में हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और क्षेत्र में शांति बहाल करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
Also Read : चाईबासा में IED ब्लास्ट, कोबरा के सहायक कमांडेंट घायल


