इंटरनेट की दुनिया में जब हम किसी वेबसाइट पर जाते हैं, तो ब्राउजर और सर्वर के बीच का संवाद पूरी तरह सुरक्षित होना चाहिए. इस सुरक्षा की रीढ़ डिजिटल सर्टिफिकेट होते हैं, जो यह प्रमाणित करते हैं कि जिस वेबसाइट पर आप अपनी निजी या वित्तीय जानकारी साझा कर रहे हैं, वह वास्तव में वही है जो वह दावा करती है.
हाल ही में (अक्टूबर 2026 में सामने आई रिपोर्ट के अनुसार), भारत की प्रमुख डिजिटल ट्रस्ट कंपनी ई-मुद्रा (eMudhra) के सुरक्षा तंत्र में एक बड़ी खामी उजागर हुई है. बता दें, ई-मुद्रा कई सरकारी वेबसाइट को सर्टिफिकेट जारी करती है, जिसमें आधार जारी करने वाली UIDAI, इनकम फाइल की जाने वाली वेबसाइट आदि शामिल है.
पूरा मामला क्या है?
अक्टूबर 2026 में सुरक्षा शोधकर्ताओं ने खुलासा किया कि डिजिटल ट्रस्ट सेवाएं देने वाली भारतीय कंपनी ई-मुद्रा (eMudhra) द्वारा जारी किए गए आठ इंटरमीडिएट सर्टिफिकेट्स की प्राइवेट कीज अत्यधिक कमजोर थीं. ये कीज इतनी कमजोर थीं कि एक सिक्योरिटी रिसर्चर ने इन्हें एक सेकंड से भी कम समय में रिकवर कर लिया.
इन सर्टिफिकेट्स के लिए P-384 जैसी मजबूत क्रिप्टोग्राफिक तकनीक का उपयोग होना चाहिए था, लेकिन अप्रैल 2025 में कीज जनरेट करते समय एक स्क्रिप्ट में तकनीकी गड़बड़ी के कारण इनकी वास्तविक वैल्यू 256 से काफी कम रह गई. प्रभावित 8 सर्टिफिकेट्स में 6 TLS सर्टिफिकेट और 2 कोड-साइनिंग सर्टिफिकेट शामिल थे.
ई-मुद्रा (eMudhra) ने इस मामले पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा है कि यह त्रुटि अप्रैल 2025 में कीज जनरेट करने की प्रक्रिया के दौरान एक स्क्रिप्ट की खराबी के कारण हुई थी, जब गलत लेबल वाली की-पेयर का चयन हो गया था. कंपनी के अनुसार, इन 8 में से केवल 1 इंटरमीडिएट CA सर्टिफिकेट को प्रोडक्शन एनवायरनमेंट में तैनात किया गया था, और किसी भी प्रभावित इंटरमीडिएट सर्टिफिकेट ने किसी अंतिम यूजर का सर्टिफिकेट जारी नहीं किया था.
आधार, इनकम टैक्स और सरकारी पोर्टलों के संदर्भ में चिंता क्यों?
चूंकि आज के समय में भारत में आधार से जुड़ी ऑनलाइन सेवाएं, इनकम टैक्स पोर्टल, और बैंकिंग गतिविधियां डिजिटल बुनियादी ढांचे पर टिकी हुई हैं, इसलिए नागरिकों के मन में डेटा सुरक्षा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है. यदि किसी विश्वसनीय सर्टिफिकेट अथॉरिटी की प्राइवेट की कमजोर हो, तो सिद्धांत रूप में हमलावर फर्जी सर्टिफिकेट्स बनाकर वैध वेबसाइटों की नकल करने का प्रयास कर सकते हैं.
हालांकि, अभी तक इस बात का कोई प्रमाण नहीं है कि आधार या इनकम टैक्स विभाग की आधिकारिक वेबसाइटों ने इन 8 कमजोर सर्टिफिकेट्स का उपयोग किया था. खामी सामने आते ही वैश्विक स्तर पर तकनीकी दिग्गजों ने तुरंत कदम उठाए. गुगल क्रोम (Google Chrome) और Mozilla Firefox ने तत्काल प्रभाव से प्रभावित सर्टिफिकेट्स को ब्लॉक करना शुरू कर दिया.
Apple, Microsoft और अन्य ऑपरेटिंग सिस्टम निर्माताओं ने भी अपने स्तर पर सुरक्षा उपाय लागू किए. गुगल (Google) ने संबंधित रूट सर्टिफिकेट को अपने ट्रस्ट स्टोर से हटाने की योजना की घोषणा की, जो यह दर्शाता है कि डिजिटल सुरक्षा केवल एक कंपनी की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे तकनीकी इकोसिस्टम का संयुक्त उत्तरदायित्व है.
भविष्य के लिए तीन बड़े सवाल
इस घटना से साइबर सुरक्षा की प्रणाली को लेकर कुछ अहम सवाल खड़े होते हैं, जिन पर स्पष्टता आना अभी बाकी है.
पहला, अप्रैल 2025 से लेकर अक्टूबर 2026 में इस खामी के उजागर होने के बीच के अंतराल में क्या किसी दुर्भावनापूर्ण तत्व ने इन कमजोर कीज का फायदा उठाया?
दूसरा, क्या किसी सरकारी या सार्वजनिक उपक्रम पर इसका असर पड़ा?
तीसरा, क्या कंपनी और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों ने सभी प्रभावित सिस्टम्स में फुल-प्रूफ सुरक्षा सुधार लागू कर दिए हैं?
Also Read : ‘मैं लीडर नहीं था, आशु और सौरव के निर्देश मानता था’: अभिजीत दिपके के बयान पर बवाल, अब दी सफाई


